सेंट जॉर्जेस कॉलेज में वर्ष 2000 बैच की रजत जयंती रीयूनियन उत्सव बन गई

आगरा। बालूगंज स्थित सेंट जॉर्जेस कॉलेज में वर्ष 2000 बैच की 25वीं रीयूनियन हर्ष और भावनाओं से भरे माहौल में आयोजित हुई। इस स्मृति संजोने वाले कार्यक्रम में देश-विदेश से आए 100 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Apr 19, 2025 - 18:25
 0
सेंट जॉर्जेस कॉलेज में वर्ष 2000 बैच की रजत जयंती रीयूनियन उत्सव बन गई
सेंट जॊर्जेज कॊलेज में शनिवार को आयोजित वर्ष 2000 बैच की रजत जयंती रीयूनियन में धमाल मचाते पूर्व छात्र। दूसरे चित्र में इस मौके पर जुटे पूर्व छात्रों का ग्रुप फोटो।

विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम में वर्ष 2000 में पदस्थ तत्कालीन प्रिंसिपल जे. एस. जेरेमियाह एवं वर्तमान प्रिंसिपल अक्षय जेरेमियाह सहित 25 से अधिक शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की घंटी बजने और पूर्व छात्रों द्वारा अभ्यास कक्षाओं में उपस्थिति दर्ज कराने से हुई, जिससे सभी को अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादें पुनर्जीवित हो गईं। स्कूल की पुरानी लोकप्रिय स्नैक्स और एल्यूमनी के लिए तैयार की गई विशेष टी-शर्ट्स ने भी माहौल में आत्मीयता भर दी।

आधिकारिक कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन एवं स्कूल प्रार्थना के साथ हुई। इसके पश्चात शिक्षकों का भावभीना अभिनंदन शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर किया गया। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों की शरारतों को याद कर मुस्कराए।

डॉ. अंकुर बंसल, नवप्रियो बोस, डॉ. असीम शिरोमणि, रोहित धवन व अन्य एल्यूमनी ने शिक्षकों को समर्पित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन पलक माथुर ने किया।

रीयूनियन के दौरान वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा सहायक स्टाफ को भी मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण भी किया गया जिसे दुनिया भर में फैले पूर्व छात्रों ने देखा।

पूरे आयोजन की रूपरेखा सारिका दुआ, प्रणीश मेहरा, उत्कर्ष खंडेलवाल, सौरभ साहनी, तरनजीत पुरी, ललित मल्होत्रा और डॉ. असीम शिरोमणि सहित अन्य एल्यूमनी ने मिलकर तैयार की। समापन पर एल्यूमनी के सहयोग से भव्य लंच की व्यवस्था भी की गई।

SP_Singh AURGURU Editor