मथुरा में हाईवे पर दिनदहाड़े चांदी की लूट! आगरा के सराफा कारोबारी के भांजे पर चार लुटेरों का हमला, ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ा और सरेराह धुना, बाकी तीन फरार, आगरा से ही पीछा करते-करते मथुरा तक पहुंचे लुटेरे
टाउनशिप (मथुरा) में सोमवार सुबह हाईवे सर्विस रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब दो बाइकों पर सवार चार लुटेरों ने आगरा के सराफा कारोबारी के भांजे को घेरकर मारपीट की और उसके हाथ से चांदी लूट ली। वारदात के बाद तीन लुटेरे मौके से फरार हो गए, जबकि एक को ग्रामीणों ने पीछा कर दबोच लिया और जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। लूटी गई चांदी पांच किलो बताई जा रही है।
आगरा/मथुरा। रिफाइनरी थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर सोमवार सुबह 11:30 बजे हुई चांदी लूट की वारदात पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाली रही। आगरा के कचहरी घाट निवासी मनोज कुशवाहा, जिनकी किनारी बाजार में ज्वेलर्स की दुकान है। उनके भांजे जतिन, निवासी नगला पदी, दयालबाग, दुकान पर काम करते हैं।
सोमवार सुबह जतिन आगरा के कागारौल से किसी व्यापारी के यहां से चांदी उठाकर उसे लैपटॉप बैग में रखकर मथुरा कटवाने के लिए बाइक से रवाना हुए। उसी समय कागारौल से ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लुटेरे लगातार उसका पीछा करते रहे।
11:15 बजे हुई पहली कोशिश, रफ्तार बढ़ाकर बचा जतिन
दोनों बाइकों पर सवार लुटेरों ने हाईवे पर जतिन की बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन अनहोनी की आशंका के चलते जतिन ने बाइक तेज कर दी और सर्विस रोड पर उतर गए। लुटेरे भी पीछे-पीछे लगे रहे।
इसके बाद 11:30 बजे रिफाइनरी थाना क्षेत्र में बाइक सवारों ने जतिन पर हमला कर दिया। सीआईएसएफ गेट के पास लुटेरों ने जतिन की बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। दो लुटेरों ने जतिन को पकड़ लिया, जबकि दो ने उसके हाथ से बैग छीनने का प्रयास किया। जतिन द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई की और बैग लूटकर भागने लगे।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, एक लुटेरा दबोचा
उधर से गुजरते ग्रामीणों को देखकर जतिन ने जोर से चोर-चोर का शोर मचाया। ग्रामीण तुरंत बाइकें खड़ी कर दो लुटेरों के पीछे दौड़े। तीन लुटेरे भागने में सफल रहे, लेकिन दूसरा ग्रामीणों के हाथ लग गया।
ग्रामीणों ने आरोपी की सरेआम जमकर धुनाई की और उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली। घटना के दौरान गश्त पर निकले रिफाइनरी थाने के दारोगा सुरेश चंद्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से आरोपी को छुड़ाकर अपनी हिरासत में लिया।
लूट की सूचना पर थाना रिफाइनरी पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पकड़े गए लुटेरे और जतिन को साथ लेकर पुलिस फरार तीन लुटेरों की तलाश में आगरा की ओर दबिश देने निकल गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपित सहित सभी लुटेरे आगरा के निवासी बताए जा रहे हैं। लूटी गई चांदी लगभग 5 किलो बताई जा रही है, लेकिन थाना पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि करने से पहले जांच में जुटी है।
थाना प्रभारी अजय कुमार वर्मा ने बताया कि लूट की घटना सही है। चांदी कितनी है, इसकी अभी पुष्टि नहीं की गई है। फरार लुटेरों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द राजफाश किया जाएगा।