सेठ जी! सारी चर्बी उतर जाएगी, विधायक पुत्र के वायरल ऑडियो से वैश्य समाज में आक्रोश
आगरा। फतेहपुर सीकरी के भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी का एक ऒडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार रात से वायरल हो रहा है। इसमें वह पेट्रोल पंप संचालक पर गाड़ी खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। वह बोल रहे हैं कि सेठ जी! सारी चर्बी उतर जाएगी। वैश्य समाज के लिए भी अबशब्द बोले, जिसे लेकर वैश्य समाज में भी आक्रोश है। वैश्य समाज में इसकी तीखी प्रतिक्रिया है और इसके विरोध की रणनीति भी तैयार हो रही है। हम वायर ल ऒडियो की पुष्टि नहीं करते।
- विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी का ऑडियो हो रहा है सोशल मीडिया पर वायरल
संजय प्लेस के रहने वाले अनुराग अग्रवाल का अछनेरा के रायभा में पेट्रोल पंप है। उन्होंने बताया कि 24 सितम्बर की रात को उनके पेट्रोल पंप पर पुलराज ट्रेडर्स के माध्यम से एक टैंकर मथुरा रिफाइनरी से डीजल और पेट्रोल लेकर आया था। टैंकर में 9000 लीटर डीजल और 3000 लीटर पेट्रोल था। चेकिंग के दौरान पंप के कर्मचारियों को मात्रा अधिक लगी। इस बात की शिकायत उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में कर दी। कॉर्पोरेशन की टीम ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर जांच की तो उसमें डीजल और पेट्रोल की मात्रा अधिक होने की पुष्टि हुई।
बकौल अनुराग अग्रवाल, इसी बात को रामेश्वर चौधरी ने फोन किया और गाड़ी खाली कराने का दबाव बनाया। अनुराग अग्रवाल ने मना किया तो रामेश्वर चौधरी ने जातिगत टिप्पणी शुरू कर दी। रामेश्वर चौधरी ने कहा कि बनिया बेईमान हो जाता है तो 20 पैसे का भी हिसाब करता है। बनिया की जात को मैं अच्छे से जानता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि सबसे ज्यादा डिफाल्टर बनिया है। मैं बनिया में ही रहता हूं, किरावली में। हर साल एक दो बनिया 6 करोड़ ,10 करोड़, 20 करोड़ लेकर भाग जाता है।
इस पर अनु अग्रवाल ने उनसे कहा कि आप मुझे धमका रहे हैं, ऐसा मत कीजिए। इस पर विधायक पुत्र ने कहा धमका नहीं रहा हूं, बता रहा हूं। तुम भी उन्ही लालाओं में से एक हो। उन्होंने डीएसओ को बुलाकर जांच कराने की भी धमकी दी और कहा जितनी तुम्हें चर्बी चढ़ रही है ना, वह सब उतर जाएगी।