आगरा के रावली मंदिर चौराहे पर शुरू हुई ‘सीता रसोई’, एक रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, हेल्प इंडिया फाउंडेशन की पहल
आगरा। आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद को भूखा न रहना पड़े, इसके उद्देश्य से हेल्प इंडिया फाउंडेशन ने आगरा में ‘सीता रसोई’ की शुरुआत की है। रावली मंदिर के सामने एसबीआई बैंक वाले चौराहे पर शुरू की गई इस रसोई में गरीब, असहाय, जरूरतमंद और राहगीरों को महज एक रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। रसोई का शुभारंभ आगरा दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और समाजवादी पार्टी के नेता विनय अग्रवाल तथा नीलम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन पीके उप्पल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शुभारंभ के अवसर पर विनय अग्रवाल ने जरूरतमंद लोगों के बीच जमीन पर बैठकर भोजन किया। उन्होंने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराना मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके नेता जमीन से जुड़े हुए हैं तथा गरीब और असहाय लोगों की मदद के लिए आगे भी जमीनी स्तर पर काम करते रहेंगे। उन्होंने हेल्प इंडिया फाउंडेशन की पहल को मानवता की सेवा का उदाहरण बताते हुए सक्षम लोगों से भी ऐसे कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
नीलम ग्रुप के चेयरमैन पीके उप्पल ने ‘सीता रसोई’ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह रसोई केवल जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान और संबल देने का माध्यम भी है।
हेल्प इंडिया फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि रसोई शुरू करने का उद्देश्य सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के साथ यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक परेशानी के कारण कोई व्यक्ति भूखा न सोए। संस्था की ओर से आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे ‘सीता रसोई’ की जानकारी जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।
शुभारंभ कार्यक्रम में हिमांशु यादव, संस्था के सचिव उदितकांत शर्मा, महासचिव अनूप बंसल, अध्यक्ष अश्वनी कुमार, उपाध्यक्ष मोहम्मद फरहान और कोषाध्यक्ष दिव्यकान्त शर्मा के अलावा सक्रिय सदस्य आकाश, प्रवीन, प्रवेंद्र, धमेंद्र और मनीष अग्रवाल सहित स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।