बरेली में जहूर के घर फांसी पर लटकी मिली सीता की लाश, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में, प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी मौत पर आकर खत्म

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली ज़िले के थाना बिशारतगंज क्षेत्र के अंतर्गत गांव परावहाउद्दिन नगर में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जहूर अंसारी उर्फ नन्हे के घर में उसकी पत्नी सीता (27 वर्ष) की फांसी पर लटकी लाश मिली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Jan 22, 2026 - 22:25
 0
बरेली में जहूर के घर फांसी पर लटकी मिली सीता की लाश, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पति हिरासत में, प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी मौत पर आकर खत्म

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मृतका के पति जहूर अंसारी उर्फ नन्हे को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा (आईपीएस) ने बताया कि मृतका के मायके वालों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना बिशारतगंज में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गुरुवार को रामगंगा तट पर हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।

प्रेम, सहजीवन और फिर मौत

मृतका के पिता मुकेश ने बताया कि जहूर अंसारी गांव परावहाउद्दीनपुर का निवासी है और टंकी निर्माण का काम करता है। उसने अपनी पहली पत्नी को पहले ही छोड़ दिया था। करीब दो साल पहले वह इटावा जेल में टंकी निर्माण कार्य के दौरान गया था, जहां उसकी मुलाकात राजस्थान के भरतपुर, पुष्प वाटिका कॉलोनी निवासी सीता से हुई। दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध बन गए।

बताया गया कि सीता अपने तीन बच्चों के साथ करीब एक साल से जहूर के साथ गांव में रह रही थी। आरोप है कि कुछ समय बाद से जहूर सीता के साथ झगड़ा और मारपीट करने लगा। मायके पक्ष का आरोप है कि बुधवार को जहूर ने सीता की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पति का दावा: आत्महत्या

वहीं, पति जहूर अंसारी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह कासगंज के सेमरा मोची गांव में टंकी निर्माण के काम पर था। किसी बात को लेकर सीता ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन वह बात नहीं कर सका। गुस्से में सीता ने फोन काटते हुए कहा कि अब वह उसे जिंदा नहीं मिलेगी।

शाम को जब जहूर घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर गया तो सीता छत के कुंडे से फांसी पर लटकी मिली। नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना ग्राम प्रधान वीरेंद्र शाक्य ने थाना पुलिस को दी। इसके बाद थाना प्रभारी सतीश कुमार और सीओ आंवला नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सभी पहलुओं, हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor