एसएन मेडिकल कॉलेज में एसकेएस इन्फ्रा परिवार ने लगवाया आरओ युक्त वाटर कूलर
आगरा। भीषण गर्मी के बीच एस.एन. मेडिकल कॉलेज में आने वाले हजारों मरीजों और उनके परिजनों को अब शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। जनसेवा के उद्देश्य से संतोष कुमार शर्मा एवं एसकेएस इंफ्रा परिवार की ओर से एस.एन. मेडिकल कॉलेज परिसर में आरओ युक्त वाटर कूलर का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।
इस सेवा परियोजना का शुभारंभ एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. प्रशांत गुप्ता तथा एसकेएस इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स के स्वामी संतोष कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों की भागीदारी जनहित के कार्यों को नई दिशा देती है।
संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए यह सेवा कार्य शुरू किया गया है। उनका प्रयास है कि अस्पताल में आने वाले लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सुविधा प्रतिदिन हजारों मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए लाभदायक साबित होगी।
प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने इस योगदान के लिए संतोष कुमार शर्मा एवं एसकेएस इंफ्रा परिवार का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हेल्प आगरा के महामंत्री गौतम सेठ, अनिल रावत, हेल्प आगरा के नितिन अग्रवाल, मनीष शर्मा तथा रंगकर्मी अनिल जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया गया। सभी ने इस पहल को समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।