एसएन मेडिकल कॉलेज की उड़ान: चार एमबीबीएस छात्राओं का आईसीएमआर प्रोजेक्ट में चयन
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) के एमबीबीएस 2023 बैच की चार मेधावी छात्राओं ने बड़ा मुकाम हासिल किया है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की प्रतिष्ठित शॊर्ट टीम स्टूडेंटशिप (एसटीएस) प्रोजेक्ट के लिए उनका चयन हुआ है। यह चयन सिर्फ़ छात्राओं की मेहनत और प्रतिभा तो है ही, इसे कॉलेज की शैक्षिक गुणवत्ता और रिसर्च-ओरिएंटेड सोच का भी परिचायक माना जा रहा है।
ये हैं चयनित एमबीबीएस छात्राएं
गुलशन यादव
मार्गदर्शक: डॉ. आशीष गौतम (प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग)।
विषय: इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम का प्रचलन और मानसिक तनाव से संबंध: क्रॉस-सेक्शनल अध्ययन।
प्रियांशी अग्रवाल
मार्गदर्शक: डॉ. दिव्या श्रीवास्तव (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, शरीर क्रिया विज्ञान)।
विषय: योग का मानसिक कार्यप्रणाली और तनावग्रस्त व्यक्तियों के बायोमार्कर स्तरों पर प्रभाव: एक प्रायोगिक अध्ययन।
अमिता सिंह
मार्गदर्शक: डॉ. ऋचा गुप्ता (एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, फॉरेंसिक मेडिसिन)।
विषय: सड़क दुर्घटना पीड़ितों के ‘गोल्डन ऑवर’ में अस्पताल पहुंचने की चुनौतियां और मृत्यु-दर पर प्रभाव।
श्रिष्ठि पटेल
मार्गदर्शक: डॉ. दिव्या यादव (एसोसिएट प्रोफेसर, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग)।
विषय: थैलेसीमिया स्क्रीनिंग कराने वाली गर्भवती महिलाओं में डिजिटल काउंसलिंग का प्रभाव: ज्ञान, जोखिम-बोध और निर्णय क्षमता
प्रिंसिपल ने दी चारों को बधाई
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने छात्रों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल हमारे संस्थान का नाम रोशन करती है बल्कि यह दर्शाती है कि एसएनएमसी भविष्य के चिकित्सकों को रिसर्च-ओरिएंटेड विजन के साथ तैयार कर रहा है। यह चयन शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में हमारी उत्कृष्टता को प्रमाणित करता है।
रिसर्च कल्चर की नई मिसाल
इन चारों छात्राओं के प्रोजेक्ट्स मौजूदा स्वास्थ्य चुनौतियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से हल करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इससे छात्रों में न सिर्फ़ शोध की रुचि बढ़ेगी बल्कि एसएन मेडिकल कॉलेज की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और भी मज़बूत होगी। चयनित छात्र अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के नेतृत्व में इन परियोजनाओं को पूरा करेंगे।