साउथ बाईपास पर कैंटर ने बाइक रौंदी, युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल
आगरा। शहर का साउथ बाईपास एक बार फिर खून से लाल हो गया। बीती रात जखौदा गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय सुनील की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी नेहा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतक सुनील आगरा के नैनाना जाट क्षेत्र के स्वरूप नगर का रहने वाला था और पत्नी के साथ बाइक से अपने गांव की ओर जा रहा था कि रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। कैंटर की जोरदार टक्कर से बाइक डिवाइडर में जा भिड़ी। राहगीरों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सुनील ने एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नेहा का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद साउथ बाईपास पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर को हटवाकर मार्ग सुचारू कराया और मृतक के परिजनों को सूचना दी।
यह कोई पहला हादसा नहीं है। आगरा का साउथ बाईपास अब दुर्घटनाओं का गढ़ बन चुका है, जहां नियमित अंतराल पर ज़िंदगियाँ असमय खत्म हो रही हैं। पिछले दिनों ही बाइक सवार दो सगे भाइयों की भी इसी रोड पर दुर्घटना में मौत हुई थी। तेज रफ्तार, लापरवाही और पर्याप्त सुरक्षा प्रबंधन के अभाव में यह मार्ग सबसे खतरनाक सड़कों में शुमार हो गया है।
स्थानीय लोग लगातार इस रूट पर ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती के चलते हादसों का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा।