सपा लोकतंत्र की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी, 2 से 8 अक्टूबर तक आगरा में लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, 8 को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च

आगरा। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा। आगरा में 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जाएगा और 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। अभियान को विधानसभा, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए 21-21 कार्यकर्ताओं की ‘लोकतंत्र–संविधान संघर्ष समिति’ गठित की जाएगी।

Oct 2, 2026 - 20:20
 0
सपा लोकतंत्र की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी, 2 से 8 अक्टूबर तक आगरा में लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, 8 को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च
प्रेस से बात करते सपा के महानगर अध्य़क्ष शब्बीर अब्बास। साथ मौजूद हैं वरिष्ठ नेता राहुल चतुर्वेदी।

समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में शब्बीर अब्बास ने अभियान की रूपरेखा जारी की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव के दिन मतदान तक सीमित नहीं है। जनता के अधिकार, संविधान की भावना और मतदाता की भूमिका को लेकर लगातार जनजागरण जरूरी है।

2 से 8 अक्टूबर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा

2 अक्टूबर को अभियान का शुभारंभ करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी दी गईं। 3 अक्टूबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें, 4 अक्टूबर को वार्ड स्तर पर संगठनात्मक तैयारी, 5 अक्टूबर को संविधान एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम तथा संविधान की प्रस्तावना और अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक पाठ, 6 अक्टूबर को महिला एवं युवा कार्यकर्ताओं की बैठक और 7 अक्टूबर को अंतिम समीक्षा की जाएगी। 8 अक्टूबर को जिला स्तर पर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा, जिसका मार्ग प्रशासनिक अनुमति और यातायात व्यवस्था के अनुसार तय होगा। समापन पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा।

आगरा में 9 विधानसभा और 3,932 मतदान केंद्र

शब्बीर अब्बास ने कहा कि आगरा जिले में नौ विधानसभा क्षेत्र और 3,932 मतदान केंद्र हैं। निर्वाचन विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर एसआईआर-2026 के तहत ‘नो मैपिंग’ और ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ से संबंधित विधानसभा स्तर की सूचियां उपलब्ध हैं। पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर लोगों को जागरूक करेंगे और पात्र मतदाताओं को अपने नाम एवं विवरण की जांच के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने बताया कि ‘लोकतंत्र–संविधान संघर्ष समिति, आगरा महानगर’ में 21-21 कार्यकर्ताओं की टीमें बनाई जाएंगी। इन्हें संगठन, जनसंपर्क, कार्यक्रम व्यवस्था, मीडिया और सोशल मीडिया सहित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। समिति के सदस्यों की सूची क्रमवार सार्वजनिक की जाएगी।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर चलाए जा रहे अभियान को विधानसभा से वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समन्वय के साथ पूरे सप्ताह कार्यक्रमों को सफल बनाएंगे।

शब्बीर अब्बास ने कहा कि लोकतंत्र जनता की ताकत और संविधान अधिकारों की बुनियाद है। समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सप्ताहभर के कार्यक्रमों को जनभागीदारी से जोड़ने और 8 अक्टूबर के मार्च को सफल बनाने का आह्वान किया।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor