मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए चलेगी विशेष ट्रेनें, बदला रूट और समय, देखें पूरी सूची

मथुरा। आज से शुरू हो रहे मुड़िया पूर्णिमा मेले को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। इसके तहत कुछ ट्रेनों के मार्ग व समय में बदलाव किया गया है, वहीं कुछ नियमित ट्रेनों को मथुरा जंक्शन तक बढ़ाया गया है। यह व्यवस्था 3 जुलाई से लागू हो चुकी है और आगामी 13 जुलाई तक जारी रहेगी, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।

Jul 4, 2025 - 08:41
 0
मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए चलेगी विशेष ट्रेनें, बदला रूट और समय, देखें पूरी सूची

रेलवे के अनुसार, आगरा कैंट-झांसी-आगरा कैंट पैसेंजर ट्रेन को 9 व 10 जुलाई को आगरा कैंट के बजाय मथुरा जंक्शन से संचालित किया जाएगा। इसी तरह 10 व 11 जुलाई को झांसी से ट्रेन मथुरा जंक्शन तक चलेगी। यह ट्रेन शाम 4 बजे झांसी से चलकर रात 11:25 बजे मथुरा पहुंचेगी, जबकि वापसी में मथुरा से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे झांसी पहुंचेगी।

इसके अलावा, नई दिल्ली-आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को 5 से 12 जुलाई तक नई दिल्ली से ग्वालियर के लिए तथा 6 से 13 जुलाई तक ग्वालियर से नई दिल्ली के लिए चलाया जाएगा। इस ट्रेन का ठहराव धौलपुर और मुरैना स्टेशनों पर भी होगा।

इटावा-आगरा कैंट मेमू व आगरा कैंट-झांसी मेमू ट्रेन को भी 5 से 12 जुलाई तक मथुरा तक बढ़ाया गया है। इन दोनों ट्रेनों को 'मेला स्पेशल' के रूप में चलाया जाएगा। साथ ही, आगरा कैंट-मैनपुरी-आगरा कैंट मेमू को भी इन्हीं तिथियों में मथुरा जंक्शन तक विस्तार दिया गया है।

अछनेरा से टनकपुर तक भी विशेष ट्रेन

यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 05062/05061 टनकपुर-मथुरा विशेष गाड़ी का विस्तार अछनेरा स्टेशन तक कर दिया गया है। यह ट्रेन 3 से 31 जुलाई तक हर बुधवार और रविवार को चलेगी। यह ट्रेन टनकपुर से सुबह 4:35 बजे रवाना होकर इसका अछनेरा आगमन दोपहर 12:30 बजे होगा। इसी प्रकार अछनेरा से दोपहर 3:50 बजे रवाना  होकर टनकपुर में रात 11:35 बजे पहुंचेगी।

रेलवे की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ये सभी ट्रेनें मेला स्पेशल श्रेणी में चलाई जाएंगी ताकि मुड़िया पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।

SP_Singh AURGURU Editor