खेलों से निखरेगी प्रतिभा, दौड़ से होगा आगाज, किरावली में 20 दिसंबर से सांसद खेल स्पर्धा 2025
आगरा। लोकसभा फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के किरावली में सांसद खेल स्पर्धा 2025 का शुभारंभ 20 दिसंबर से किया जाएगा। आयोजन को लेकर किरावली तहसील सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने की।
आगरा। लोकसभा फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के किरावली में सांसद खेल स्पर्धा 2025 का शुभारंभ 20 दिसंबर से किया जाएगा। आयोजन को लेकर किरावली तहसील सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने की।
बैठक में तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग, युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सांसद खेल स्पर्धा के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न खेलों, प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रतिभागियों की सहभागिता, खेल स्थलों, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की सफलता के लिए आवश्यक संसाधनों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि 20 दिसंबर को किरावली स्थित मोनी बाबा मिनी स्टेडियम से ‘नमो दौड़’ के साथ खेल स्पर्धा का शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर विशेष रूप से महिलाओं की दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिससे महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। महिला वर्ग की विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि खेलों के प्रति उनका उत्साह और आत्मविश्वास बढ़े।
उन्होंने बताया कि शुभारंभ अवसर पर किरावली नगर में भव्य मार्च पास्ट निकाला जाएगा तथा खेल स्पर्धा को उत्सव का रूप देने के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। सांसद ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देना, युवाओं में खेल भावना विकसित करना और महिलाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है।
सांसद चाहर ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना सीखते हैं, जो राष्ट्र निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। बैठक में उपजिलाधिकारी नीलम, एसीपी रामप्रवेश गुप्ता, युवा जिला कल्याण अधिकारी बिजेंद्र कुमार, डीआईओएस चंद्रशेखर, गुडडू चाहर, चेयरमैन इस्लाम, चेयरमैन महेंद्र सिंह, शूरवीर चाहर, अभिजीत इन्दोलिया, सतेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष पिंकी सरपंच, सचिन सहित समस्त तहसील प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और आगामी दिनों में खेल प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।