मृत्यु के बाद भी बांटी रोशनी: श्रीमती रविन्द्र कौर के नेत्रदान से दो लोगों की दुनिया होगी उज्ज्वल

आगरा। इंसानियत और समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए कमलानगर निवासी श्रीमती रविन्द्र कौर (70) के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान का संकल्प पूरा कराया। श्री बजाजा कमेटी और एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक टीम के सहयोग से नेत्रदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। उनके नेत्रों से अब दो नेत्रहीन लोगों के जीवन में रोशनी आएगी।

Jul 23, 2026 - 18:29
 0
मृत्यु के बाद भी बांटी रोशनी: श्रीमती रविन्द्र कौर के नेत्रदान से दो लोगों की दुनिया होगी उज्ज्वल
स्व. श्रीमती रविंद्र कौर।

जानकारी के अनुसार, कर्मयोगी, कमलानगर, आगरा निवासी श्रीमती रविन्द्र कौर (70), धर्मपत्नी मंगल राम साहनी का बुधवार देर रात निधन हो गया। शोक की इस घड़ी में भी उनके परिजनों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नेत्रदान कराने का निर्णय लिया और इसके लिए श्री बजाजा कमेटी के मैनेजर प्रवीण शर्मा से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही बजाजा कमेटी के सहयोग से एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसिलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम मौके पर पहुंची। टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सफलतापूर्वक नेत्रदान कराया।

चिकित्सकों के अनुसार, श्रीमती रविन्द्र कौर के दोनों नेत्र अब दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी का संचार करेंगे। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

श्री बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल एवं मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने आमजन से भी नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद भी नेत्रदान के माध्यम से किसी के जीवन में उजाला किया जा सकता है। नेत्रदान संबंधी जानकारी एवं पंजीकरण के लिए 9319809451 पर संपर्क किया जा सकता है।

SP_Singh AURGURU Editor