सपा का ‘पूछता है आगरा’ अभियानः जन समस्याओं पर नगर आयुक्त ने मांगी 15 दिन की मोहलत, शब्बीर बोले—अब काम दिखे, दो सप्ताह बाद फिर होगा हिसाब

आगरा। आगरा की बदहाल नागरिक व्यवस्था और जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर द्वारा दिए गए 15 सूत्रीय ज्ञापन पर कार्रवाई का हिसाब लेने के लिए बुधवार को नगर निगम में ‘पूछता है आगरा’ कार्यक्रम के तहत महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने नगर आयुक्त से आमने-सामने वार्ता की। सड़कों की बदहाली, जलभराव, खुले नाले, सीवर ओवरफ्लो, बंद स्ट्रीट लाइट, सफाई, पेयजल समेत विभिन्न समस्याओं पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बातचीत हुई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश देते हुए 15 दिन के भीतर आवश्यक कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया। शब्बीर अब्बास ने स्पष्ट किया कि अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान जमीन पर देखना चाहती है।

Sep 30, 2026 - 20:50
 0
सपा का ‘पूछता है आगरा’ अभियानः जन समस्याओं पर नगर आयुक्त ने मांगी 15 दिन की मोहलत, शब्बीर बोले—अब काम दिखे, दो सप्ताह बाद फिर होगा हिसाब
पूछता है आगरा, कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य से वार्ता करते सपा शहर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास। साथ हैं अन्य सपाजन।

सपा महानगर अध्य़क्ष शब्बीर अब्बास ने नगर आयुक्त के सामने आगरा की नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सवाल किया कि लगातार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने बदहाल सड़कों और गड्ढों, जलभराव, खुले नालों, सीवर ओवरफ्लो, बंद स्ट्रीट लाइटों, सफाई व्यवस्था और पेयजल संकट सहित जनता से सीधे जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगा।

वार्ता के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए और 15 दिन में आवश्यक कार्य पूरा कराने की बात कही। इस पर शब्बीर अब्बास ने कहा कि अब जनता को आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त ने 15 दिन में काम पूरा कराने की बात कही है, इसलिए 15 दिन बाद समाजवादी पार्टी स्वयं विभिन्न क्षेत्रों में जाकर काम की जमीनी स्थिति देखेगी।

उन्होंने कहा कि यदि काम होता है तो उसका स्वागत किया जाएगा, लेकिन समस्याएं जस की तस मिलीं तो नगर निगम से दोबारा जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘पूछता है आगरा’ अभियान यहीं समाप्त नहीं होगा, बल्कि 15 दिन बाद इन मुद्दों की फिर समीक्षा की जाएगी।

15 सूत्रीय मांगों में शहर की मूलभूत समस्याएं

समाजवादी पार्टी की ओर से रखी गई 15 प्रमुख मांगों में बरसात, जलभराव और बदहाल नागरिक व्यवस्था को देखते हुए आगरा को आपदा घोषित कर विशेष राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने, स्मार्ट सिटी के 1100 करोड़ रुपये के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कर परियोजनाओं और खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक कराने की मांग शामिल है। पार्टी ने नगर निगम सदन की नियमित बैठकें कराने और खुले नालों में हुई मौतों की जवाबदेही तय कर मृतक परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी।

इसके अलावा शहर की बंद और खराब स्ट्रीट लाइटें तत्काल चालू कराने, सभी नालों और सीवरों की युद्धस्तर पर सफाई कराने, सड़क निर्माण से पहले वैज्ञानिक जल निकासी की व्यवस्था अनिवार्य करने तथा टूटी सड़कों और गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई। सीवर ओवरफ्लो और गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान, पेयजल संकट और दूषित पानी की समस्या दूर करना तथा नगर निगम के प्राथमिक विद्यालयों की बदहाल स्थिति सुधारना भी मांगों में शामिल है।

पार्टी ने सभी 100 वार्डों में सफाई, कूड़ा उठान और फॉगिंग व्यवस्था दुरुस्त कराने, डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए विशेष स्वास्थ्य अभियान चलाने, जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने तथा नगर निगम की लापरवाही के लिए अधिकारियों, संबंधित एजेंसियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

15 दिन बाद फिर होगा हिसाब

शब्बीर अब्बास ने कहा, “हमने नगर आयुक्त को 15 दिन का समय नहीं दिया है, बल्कि नगर आयुक्त ने 15 दिन में काम पूरा कराने की बात कही है। अब 15 दिन बाद आगरा की जनता खुद देखेगी कि नगर निगम का आश्वासन जमीन पर कितना दिखाई देता है।”

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगरा की जनता की आवाज को लगातार उठाती रहेगी। जनता के सवालों और उसके अधिकारों की लड़ाई में पार्टी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि जब तक आगरा की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, लोकतांत्रिक जनआंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो इसे और व्यापक किया जाएगा।

शब्बीर अब्बास ने कहा, “पूछता है आगरा—15 दिन बाद फिर होगा हिसाब। जवाब भी चाहिए, काम भी चाहिए।”

इस दौरान राहुल चतुर्वेदी, राम सहाय यादव, देवेंद्र यादव, सतीश चाहर, फरहान चौधरी, नरेंद्र सिंह नंद, गिरीश गोयल, हर्ष धाकड़, देवेंद्र राठौर, वाली शेर, रवि मेहरा, इरफान उस्मानी जिम वाले, डॉ. बबलू वाल्मीकि, समीर अब्बास, जमील सिद्दीकी, आकिल अब्बास, रोहित नासिर, आशु अफरीदी, पठान कुरैशी, परवेज खान, विजय यादव, आदिल चौधरी, सलमान खान, फईम उस्मानी, ओवेश मंसूरी, सलमान खान और प्रवीण राठौर मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor