एसआईआर पर सपा का करारा पलटवार: बरेली के मौलाना रज़वी का बयान भाजपा प्रेरित, लोकतंत्र की लड़ाई से ध्यान भटकाने की साजिश

एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच समाजवादी पार्टी ने आगरा से बेहद आक्रामक और स्पष्ट संदेश दिया है। सपा ने बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी द्वारा पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें झूठा, भ्रामक और भाजपा के इशारे पर दिया गया बयान करार दिया है।

Jan 7, 2026 - 16:53
 0
एसआईआर पर सपा का करारा पलटवार: बरेली के मौलाना रज़वी का बयान भाजपा प्रेरित, लोकतंत्र की लड़ाई से ध्यान भटकाने की साजिश

आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बरेली निवासी ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी द्वारा लगाए गए आरोपों को समाजवादी पार्टी ने पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कड़े शब्दों में कहा कि यह साफ हो चुका है कि कुछ लोग जानबूझकर धर्म की आड़ लेकर एसआईआर के नाम पर हो रही मतदाता सूची की चोरी को छिपाने का काम कर रहे हैं।

शब्बीर अब्बास ने कहा कि अखिलेश यादव ने जो सवाल उठाए हैं, वे किसी धर्म, जाति या समुदाय के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि हर नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर के नाम पर यदि किसी भी मतदाता का अधिकार छीना जाता है, तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना रज़वी और उनके जैसे कुछ लोग भाजपा के एजेंट की भूमिका निभा रहे हैं और असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। शब्बीर अब्बास ने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों के साथ खड़े लोग यह समझ लें कि जनता सब देख रही है और समय आने पर उन्हें करारा जवाब देगी।

महानगर अध्यक्ष ने दो टूक कहा, समाजवादी पार्टी न डरने वाली है, न झुकने वाली। हम हर कीमत पर लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा करेंगे। आगरा से यह संदेश साफ है कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ अखिलेश यादव के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में एसआईआर के मुद्दे पर सपा और अधिक आक्रामक होकर जनता के बीच जाएगी और सच्चाई को उजागर करेगी।

SP_Singh AURGURU Editor