श्रीकृष्ण लीलाः काले खां को मिला मदन मोहन का साक्षात प्रेम, फूलों की होली ने बरसाया आनंद
आगरा। वाटर वर्क्स स्थित गौशाला प्रांगण में जारी श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के पांचवें दिवस बुधवार को मंचित हुई काले खां–मदन मोहन लीला और फूलों की होली ने प्रेम, एकता और भक्ति का अद्भुत संदेश दिया। वृंदावन के स्वामी प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में मंचित इस लीला ने यह भाव जाग्रत किया कि हरि भक्ति किसी जाति या धर्म की सीमा में नहीं बंधती—सच्चा प्रेम ही ईश्वर तक पहुंचने का सेतु है।
श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव के पांचवें दिन का आरंभ डॉ. हरेंद्र गुप्ता (निर्वाचित अध्यक्ष, आईएमए) और समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल द्वारा स्वरूपों की आरती से हुआ। इसके बाद प्रस्तुत काले खां–मदन मोहन लीला ने उपस्थित भक्तों को भक्ति भाव में सराबोर कर दिया।
लीला के दृश्य में दिखाया गया कि वृंदावन के मदन मोहन मंदिर के समीप रहने वाले काले खां नामक एक मुसलमान वकील का मन हरि भक्ति से प्रभावित हो जाता है। वह भेष बदलकर मंदिर आने लगता है और धीरे-धीरे श्रीकृष्ण प्रेम में डूब जाता है। जब समाज उससे दूरी बना लेता है, तब स्वयं भगवान मदन मोहन अपने भोग की थाली लेकर उसके घर पहुंचते हैं और अपने हाथों से उसे भोजन कराते हैं।
यह दृश्य इतना भावनात्मक था कि पूरा प्रांगण हरि नाम संकीर्तन से गूंज उठा, श्रद्धालु भावविभोर होकर अश्रुपूरित नेत्रों से हरि का नाम जपने लगे।
इसके उपरांत फूलों की होली का रंगारंग मंचन हुआ। पुष्पवृष्टि, रंगों की उड़ान और रास के मधुर गीतों से वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो उठा। भक्तों ने राधे-श्याम के जयकारों के बीच फूलों की बौछार में झूमकर भक्ति का उत्सव मनाया।
गौचारण यात्रा गुरुवार को
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि गोपाष्टमी पर्व पर गुरुवार को प्रातः 9:30 बजे गौशाला प्रांगण से गौचारण यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बल्केश्वर से होते हुए चांदनी चौक, तेज नगर, कमला नगर, अग्रवाल सेवा सदन तक जाएगी। इस दौरान समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य ग्वाल–ग्वालिन के भेष में शामिल होंगे। गौ माता का पूजन भी विधिविधानपूर्वक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा गौसेवा, सनातन संस्कृति और लोक परंपरा के संरक्षण का प्रतीक होगी। शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की गई है।
इनकी रही उपस्थिति
पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास चौधरी, पूजा बंसल, शेखर गोयल, बृजेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, सुमन अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, विजय रोहतगी, गिर्राज बंसल, संजय चेली, के.सी. अग्रवाल, मनोज बंसल, के.के. अग्रवाल, अनीश अग्रवाल, रेणु गोयल, सुजाता अग्रवाल, अनूप गोयल, लक्ष्मण शर्मा, नीलिमा गोयल, सतीश अग्रवाल, अशोक गोयल आदि उपस्थित रहे।