आगरा के पिनाहट में चंबल घाट पर फिर शुरू हुआ स्टीमर का संचालन, दोनों प्रदेशों के ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

पिनाहट (आगरा)। चंबल नदी घाट पर बंद पड़ा स्टीमर संचालन बुधवार सुबह से फिर शुरू हो गया। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अनुमति नहीं होने का हवाला देकर आठ दिन पहले बंद कराए गए संचालन को दोनों प्रदेशों के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद दोबारा शुरू कर दिया गया। स्टीमर चलने से चंबल पट्टी के किनारे बसे उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

Jul 29, 2026 - 13:37
Jul 29, 2026 - 13:38
 0
आगरा के पिनाहट में चंबल घाट पर फिर शुरू हुआ स्टीमर का संचालन, दोनों प्रदेशों के ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

पिनाहट क्षेत्र स्थित चंबल नदी घाट पर लोगों की लंबे समय से स्टीमर संचालन जारी रखने की मांग चल रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि नदी पार आवागमन के लिए स्टीमर ही सबसे महत्वपूर्ण साधन है। इसके बंद होने से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जानकारी के अनुसार, करीब आठ दिन पहले मध्य प्रदेश के थाना महुआ पुलिस ने अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए चंबल नदी घाट पर चल रहे स्टीमर संचालन को बंद करा दिया था। इसके बाद दोनों प्रदेशों के सीमावर्ती गांवों के लोगों की समस्याएं बढ़ गई थीं।

स्टीमर संचालन बंद होने के बाद लगातार इसे दोबारा शुरू कराने की मांग उठ रही थी। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी।

पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार चंद्रसेन तिवारी के अनुसार, दोनों प्रदेशों के अधिकारियों से वार्ता के बाद स्टीमर संचालन को लेकर सहमति बनी। लोगों की परेशानी को देखते हुए अधिकारियों ने संचालन शुरू कराने का निर्णय लिया है।

बुधवार सुबह से चंबल नदी घाट पर स्टीमर का संचालन शुरू हो गया। इससे नदी के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्टीमर सेवा शुरू होने से दैनिक आवागमन आसान होगा और खेती-किसानी, शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।

SP_Singh AURGURU Editor