बरेली में दो पक्षों के मामूली विवाद पर पथराव और फायरिंग, एक नामजद समेत 20 अज्ञात पर केस

बरेली। बरेली के फरीदपुर कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मोहल्ला कस्सावान में घोड़ी बांधने को लेकर शुरू हुए झगड़े के बाद दबंगों ने एक पक्ष के घर पर हमला कर दिया। जमकर पथराव और फायरिंग की गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।

Jul 21, 2025 - 22:19
 0
बरेली में दो पक्षों के मामूली विवाद पर पथराव और फायरिंग, एक नामजद समेत 20 अज्ञात पर केस

कैसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कस्सावान निवासी तौफीक अहमद अक्सर रास्ते में अपनी घोड़ी बांध देता था। रविवार को भी ऐसा ही किया गया, जिसका मोहल्ला लाइनपार मठिया निवासी श्याम प्रताप उर्फ नन्हे ठाकुर ने विरोध किया। दोनों में कहासुनी और गाली-गलौज हुई। इसके बाद नन्हे ठाकुर अपने मोहल्ले के 20-25 लोगों को साथ लेकर तौफिक अहमद के घर पर चढ़ आया।

पथराव और फायरिंग से फैली दहशत

हमलावरों ने न केवल तौफीक के घर पर पथराव किया बल्कि खुलेआम फायरिंग भी की। गोलियों की आवाज और पथराव से मोहल्ले में दहशत फैल गई। तौफीक और उसके परिजनों ने घर में घुसकर जान बचाई। इस दौरान उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पुलिस हरकत में आई।

चौकी प्रभारी ने दर्ज कराया मुकदमा

फरीदपुर पुलिस चौकी के प्रभारी जसवीर सिंह ने अपनी ओर से गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। एक नामजद आरोपी और 20 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor