आगरा में खंदौली के नगला मट्टू में छतों से बरसे पत्थर, गांव बना रणक्षेत्र

खंदौली के नगला मट्टू गांव में रास्ता देने की मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष ने छतों से पथराव कर दिया। घटना में 8 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी फरार हैं। तहरीर के आधार पर जांच और कार्रवाई जारी है।

Jan 25, 2026 - 22:32
 0
आगरा में खंदौली के नगला मट्टू में छतों से बरसे पत्थर, गांव बना रणक्षेत्र
पथराव में घायल महिला।

मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, 8 महिलाएं गंभीर घायल, आरोपी फरार

आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला मट्टू में रविवार रात करीब 8:30 बजे एक मामूली विवाद ने अचानक उग्र और हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के 15 से 25 लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और दूसरे पक्ष पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे, जिससे पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। इस पथराव में आठ महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला मट्टू निवासी कालू पुत्र भगवान दास रात साढ़े आठ बजे अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में आरोपी पक्ष के असलम के लड़के खड़े थे। रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते-देखते विवाद में बदल गई।

छतों से अचानक हमला, गांव में भगदड़

विवाद बढ़ते ही आरोपी पक्ष के लोग अपने-अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और अचानक पथराव शुरू कर दिया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पूरे गांव में कुछ देर के लिए रणक्षेत्र जैसे हालात बन गए।

पथराव में महिलाएं ज्यादा घायल, आक्रोश

घटना में ज्ञान देवी (60) पत्नी पूरन सिंह, सरोज देवी (50) पत्नी जगदीश सिंह माहौर, लक्ष्मी देवी (65) पत्नी भगवान दास, केतकी देवी (50) पत्नी हरिशंकर, आरती (26) पत्नी अजय, कलावती (35) पत्नी रिंकू सहित कई महिलाएं घायल हो गईं। इसके अलावा जीतू (30) पुत्र भगवान दास भी चोटिल हुए हैं। घायलों में अधिकांश महिलाएं होने के कारण गांव में आक्रोश का माहौल है।

पुलिस पहुंची, आरोपी घरों में ताला डालकर फरार

ग्रामीणों की सूचना पर खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी पक्ष के लोग घरों में ताला लगाकर फरार हो चुके थे। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती।

तहरीर के आधार पर कार्रवाई, जांच जारी

इस मामले में रिंकू पुत्र भगवान दास की तहरीर पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, घटना की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।