पिनाहट में आंधी ने मचाई तबाही: दर्जनों गांवों में बिजली गुल, लोग पानी को तरसे

आगरा। शनिवार शाम आई तेज आंधी और बूंदाबांदी ने पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र में जो भारी तबाही मचाई थी, उसका असर आज तक दिख रहा है। दर्जनों गांवों में बिजली के पोल और तार टूट गए, जिससे समूचा क्षेत्र रात भर अंधेरे में डूबा रहा। आज दिन में भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी, जिससे ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी और पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।

May 18, 2025 - 19:32
 0
पिनाहट में आंधी ने मचाई तबाही: दर्जनों गांवों में बिजली गुल, लोग पानी को तरसे
पिनाहट में शनिवार को आई आंधी में टूटा विद्युत पोल। गिरे हुए पेड़ को हटाते ग्रामीण।  

टूटी लाइनें, उखड़े पेड़, रुके रास्ते

तेज हवाओं के चलते सावलदासपुरा, विप्रावली, सुबेदारपुरा, देवगढ़, पडुआपुरा, नयावास, अमर सिंह पुरा, जोधपुरा, क्योरी, उमरैठा जैसे गांवों में बिजली के खंभे गिर गए। कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ भी गिरने से रास्ते अवरुद्ध हो गए। हालांकि, प्रशासन ने देर रात तक सड़कों को साफ कर यातायात बहाल कर दिया।

लाइन सुधार का काम जारी, बिजली कब तक लौटेगी अज्ञात

विद्युत विभाग की टीमें युद्धस्तर पर पोल बदलने और लाइनें जोड़ने में लगी हुई है, लेकिन, लगातार गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों को खासा कष्ट हो रहा है। सबसे ज्यादा संकट पानी को लेकर खड़ा हो गया है। हैंडपंप और मोटर न चल पाने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द बिजली बहाल नहीं हुई, तो हालात बिगड़ सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor