बल्केश्वर पार्क में बाल लीलाओं से गूंजा कथा पंडाल, छप्पन भोग की झांकी ने मोहा मन

आगरा। बल्केश्वर पार्क में चल रही भागवत कथा के पंचम दिवस पर मंगलवार शाम भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं का मनमोहक वर्णन हुआ। राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू ने कहा कि परमात्मा की निकटता चाहते हो तो मन की संकीर्णता दूर करनी होगी। मेरे-तेरे का भेद मिटाकर ही हृदय में प्रभु वास करते हैं।

Aug 26, 2025 - 20:39
 0
बल्केश्वर पार्क में बाल लीलाओं से गूंजा कथा पंडाल, छप्पन भोग की झांकी ने मोहा मन
बल्केश्वर में चल रही भागवत कथा के दौरान ग्वाल बालों संग बाल लीलाएं करते बालकृष्ण स्वरूप प्रशल गोयल। माखन चोरी लीला में मटकी फोड़ते बालकृष्ण स्वरूप प्रशल गोयल।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में हम अपने संस्कार भूलते जा रहे हैं, जबकि हमें पुनः अपनी सनातन संस्कृति की ओर लौटना होगा। बच्चों के जन्मदिन पर पूजन-हवन अवश्य करना चाहिए, जिससे पूरा घर पवित्र और सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है।

माखन चोरी लीला में बालकृष्ण स्वरूप प्रशल गोयल ने जब ग्वाल-बालों संग मटकी फोड़ी तो पूरा पंडाल उल्लास से गूंज उठा। गोवर्धन लीला के दौरान "गिरिराज धरण प्रभु तुम्हरी शरण" भजन पर श्रद्धालु झूम उठे। दिव्य छप्पन भोग की अलौकिक झांकी ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।

कथा में गिरिराज जी के सेवायत गणेश पहलवान ने पूज्य बापू को चुनरी ओढ़ाकर गोपेश्वर भगवान के रूप में सम्मानित किया। इस अवसर पर भक्तों को हनुमान चालीसा भी वितरित की गई।

मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल और ट्रस्ट्री मुरारी लाल गोयल पेंट वाले ने बताया कि बुधवार को छठे दिन महारास और श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह की कथा होगी।

आरती में श्रीमती विनीता सुगंधी, गोविंद सुगंधी, अमित सुगंधी, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग, राजेश अग्रवाल (प्राचीन पेठा), तीरथ कुशवाह, अखिल बंसल, नेहा गोयल, जागृति मित्तल सहित कई श्रद्धालु शामिल हुए। मयंक वैध ने संचालन किया और प्रयास फाउंडेशन ने व्यवस्थाएं संभालीं।

SP_Singh AURGURU Editor