वैश्विक संकट पर ‘मन की बात’ से कड़ा संदेश, पीएम मोदी की अपील- एकजुट रहें, सतर्क रहें, आत्मनिर्भर बनें, सांसद नवीन जैन बोले- राष्ट्र निर्माण को मिली नई ताकत
आगरा। वैश्विक अस्थिरता और संभावित ऊर्जा संकट के बीच देश को सजग और संगठित रहने का स्पष्ट संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम मन की बात के 132वें संस्करण ने एक बार फिर राष्ट्रीय दिशा तय करने का काम किया। शास्त्रीपुरम स्थित अपने आवास पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने परिवार सहित कार्यक्रम को सुना और इसे आत्मसात करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, अंतरराष्ट्रीय तनाव और पेट्रोल-डीजल से जुड़े संभावित संकट पर देशवासियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में प्रधानमंत्री की यह अपील कि देश की 140 करोड़ जनता एकजुट रहे, अफवाहों से दूर रहे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें न केवल प्रासंगिक है, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण भी है।
सांसद जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वोकल फॉर लोकल के जरिए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश भी दिया, जो देश की आर्थिक और सामाजिक मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।
अपने वक्तव्य में नवीन जैन ने कहा कि पीएम की ‘मन की बात’ के माध्यम से किसान, युवा, महिलाएं और उद्यमियों सहित समाज के हर वर्ग को जोड़ने का जो प्रयास हो रहा है, वह लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बना रहा है। सांसद नवीन जैन ने प्रधानमंत्री के संबोधन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे उनके स्वयं के समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है।
जेवर एयरपोर्ट आगरा समेत वेस्ट यूपी के विकास को गति देगा
Top of Form
सांसद नवीन जैन ने एक बयान में कहा है कि जेवर एयरपोर्ट का निर्माण आगरा सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देगा और यह क्षेत्र के लिए आर्थिक, पर्यटन व रोजगार के क्षेत्र में स्वर्णिम अवसर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट शुरू होने से आगरा वासियों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए दिल्ली जाने की आवश्यकता कम होगी। यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए तेज और सीधी कनेक्टिविटी मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
सांसद जैन ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी आगरा में ताजमहल देखने आने वाले विदेशी पर्यटक अब सीधे इस क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन, होटल और स्थानीय व्यापार को बड़ा लाभ मिलेगा। जेवर एयरपोर्ट एक बड़े हब के रूप में विकसित होगा, जिससे आगरा के जूता, हस्तशिल्प और अन्य उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा।