साधना से सशक्त मन, शांति से संतुलित जीवनः आगरा में अर्हम शक्ति कालीन ध्यान योग शिविर सम्पन्न

आगरा। भागदौड़ और तनाव से भरे वर्तमान जीवन में आत्मिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक संतुलन का संदेश देता हुआ अर्हम शक्ति कालीन ध्यान योग प्रशिक्षण शिविर 30 दिसंबर को श्रद्धा, साधना और अनुशासन के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मारुति स्टेट स्थित कलाकुंज के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में मुनिश्री प्रणम्य सागर महाराज के आशीर्वाद से कलाकुंज मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित यह छह दिवसीय शिविर 25 दिसंबर से निरंतर संचालित किया गया।

Dec 30, 2025 - 21:34
 0
साधना से सशक्त मन, शांति से संतुलित जीवनः आगरा में अर्हम शक्ति कालीन ध्यान योग शिविर सम्पन्न
मारुति एस्टेट स्थित कलाकुंज के जैन मंदिर में मंगलवार को समाप्त हुए अर्हम शक्तीन कालीन ध्यान योग शिविर की एक झलक।

शिविर में आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज को सरल, सहज एवं प्रभावी ध्यान योग से जोड़ते हुए मानसिक, आत्मिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना रहा।

प्रशिक्षण सत्रों के दौरान सत्येंद्र जैन एवं रचना जैन ने ध्यान योग की महत्ता को सरल एवं सहज भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि ध्यान योग के नियमित अभ्यास से तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच, आत्मिक शांति और आत्मबल की प्राप्ति संभव है। शिविर में प्रतिभागियों को ध्यान योग, माइंड-सेट प्रोग्रामिंग, जीवनशैली सुधार, सकारात्मक चिकित्सा, दृष्टि दोष निवारण एवं संकल्प शक्ति विकास जैसे विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।

प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से 9:00 बजे तक चले सत्रों में साधकों ने गहन शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में ध्यान योग केवल साधना नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन की आवश्यकता बन चुका है।

श्रावक-श्राविकाओं ने शिविर को अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला बताते हुए आयोजक मंडल के साथ-साथ सत्येंद्र जैन एवं रचना जैन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा दोनों प्रशिक्षकों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम में राजीव जैन, अजय जैन, रविंद्र जैन, आदित्य जैन, दीपचंद जैन, शुभम जैन, मंजरी जैन, रश्मि जैन, स्वीटी जैन सहित कलाकुंज जैन समाज के अनेक लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor