बरेली कॉलेज परिसर में छात्रा ने खाया ज़हर, इलाज के दौरान मौत
बरेली। रुहेलखंड के प्रतिष्ठित बरेली कॉलेज परिसर में शुक्रवार को ज़हर खाकर आत्महत्या की कोशिश करने वाली बीएससी बायोटेक की छात्रा स्वीटी की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
मानसिक तनाव में थी बीएससी बायोटेक की छात्रा, शुक्रवार को किया था आत्महत्या का प्रयास
यह दर्दनाक घटना कॉलेज परिसर में उस समय हुई जब छात्रा ने विभाग के पीछे जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
बारादरी थाने के इंस्पेक्टर धनंजय पांडे के अनुसार, शुक्रवार दोपहर कॉलेज परिसर में अचानक हड़कंप मच गया जब छात्रा की हालत बिगड़ने लगी। उसके सहपाठियों ने तत्काल कॉलेज प्रशासन को जानकारी दी। चीफ प्रॉक्टर डॉ. आलोक खरे और उनकी टीम मौके पर पहुंचे और छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीटी बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और बरेली कॉलेज में बीएससी बायोटेक की पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा पारिवारिक विवाद, खासकर अपने भाई से झगड़े के कारण मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव में आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार है।