आगरा कॉलेज की बहुमूल्य भूमि के बाउंड्री वॊल के निर्माण में छात्र-छात्राओं ने किया श्रमदान

आगरा कॉलेज में प्राचार्य निवास के पीछे एवं नालबंद चौराहा से सटी बहुमूल्य भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य आज ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ श्रमदान कर कॉलेज की धरोहर को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Sep 12, 2025 - 21:57
 0
आगरा कॉलेज की बहुमूल्य भूमि के बाउंड्री वॊल के निर्माण में छात्र-छात्राओं ने किया श्रमदान
आगरा कॊलेज की भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य में श्रमदान करते छात्र-छात्राएं। 

आगरा। आगरा कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में विभिन्न संकायों से आए छात्रों ने सामूहिक कार सेवा कर बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य को नई गति दी। प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि इस भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण का उद्देश्य न केवल भूमि को सुरक्षित करना है, बल्कि भविष्य में यहां कई शैक्षणिक संस्थानों एवं अध्ययन पीठों की स्थापना भी की जानी है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संस्थानों में परीक्षा भवन, पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन संस्थान, सामाजिक न्याय अध्ययन पीठ, प्राच्य भारतीय भाषा एवं संस्कृति अध्ययन पीठ, विदेशी भाषा अध्ययन संस्थान और अकादमिक स्टाफ कॉलेज शामिल हैं। इनकी स्थापना से न केवल कॉलेज की शैक्षणिक पहचान और मजबूत होगी, बल्कि विद्यार्थियों को नई संभावनाओं और अवसरों का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

प्राचार्य प्रो. गौतम ने इस कार्य के लिए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और सहयोग से यह कार्य संभव हो सका।

श्रमदान कार्यक्रम में प्राचार्य के साथ प्रो. पी. बी. झा, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. शशिकांत पांडे, प्रो. मृणाल शर्मा, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा सहित सैकड़ों शिक्षकगण, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था, वे गर्व से कह रहे थे कि यह भूमि उनके उज्जवल भविष्य की नींव रखेगी।

निर्माण कार्य के दौरान प्रशासन एवं पुलिस का विशेष सहयोग रहा। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी अराजक तत्व को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने कहा कि यह श्रमदान आगरा कॉलेज के गौरवशाली इतिहास में स्वर्णाक्षरों से दर्ज होगा और आने वाली पीढ़ियां इस दिन को याद रखेंगी।

SP_Singh AURGURU Editor