सुमन माफ़ी मांगें और राणा सांगा को भारत रत्न दिए जाने की उठी मांग

आगरा। मेवाड़ी क्षत्रिय राजपूत महासभा, करणी सेना, संयुक्त क्षत्रिय समिति और युवा राजपूताना ब्रिगेड ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर अपने तीखे तेवर दिखाए।

Apr 11, 2025 - 19:52
Apr 11, 2025 - 19:57
 0
सुमन माफ़ी मांगें और राणा सांगा को भारत रत्न दिए जाने की उठी मांग
मेवाड़ी क्षत्रिय राजपूत महासभा, करणी सेना, संयुक्त क्षत्रिय समिति और युवा राजपूताना ब्रिगेड संयुक्त प्रेस वार्ता में अपनी मांगें रखते हुए।

राजपूत संगठनों की संयुक्त प्रेस वार्ता, रामीगढ़ी पहुंचने का सर्व समाज से आह्वान

सभी दलों के क्षत्रिय नेताओं ने एक मंच पर एकजुट होकर रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर विवादित बयान पर गहरा आक्रोश जताया और सरकार के सामने अपनी मांगों की सूची रखी।

मेवाड़ी क्षत्रिय राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह कालवी, संयुक्त क्षत्रिय संघर्ष समिति आगरा के संयोजक गौरी शंकर सिंह सिकरवार एवं अन्य ने मांग की कि रामजीलाल सुमन कल तक माफी मांगें, अन्यथा आंदोलन और तेज होगा। महाराणा सांगा को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर राणा सांगा एयरपोर्ट रखा जाए। 

क्षत्रिय नेताओं ने यह भी मांग की कि रामजीलाल सुमन की राज्यसभा सदस्यता समाप्त की जाए। सुमन के पुत्र और समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। देश के सभी स्कूलों में राणा सांगा और महाराणा प्रताप का इतिहास पढ़ाया जाए। राष्ट्रपुरुषों के अपमान को राष्ट्रद्रोह घोषित किया जाए।

क्षत्रिय नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि रामजीलाल सुमन ने कल तक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सभी संगठनों ने सर्व समाज से अपील की कि कल दोपहर 12 बजे रामी गढ़ी पहुंचें और एकजुटता दिखाएं।

प्रेस वार्ता में मौजूद अन्य प्रमुख लोगों में विनोद सिंह, डॉ. सीपी सिंह, देवेंद्र सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह सिकरवार, महेश सिसोदिया, ऋतिक सिसौदिया, अतुल चौहान, संजीव चौहान, भारत सिकरवार, डीएस तोमर, धन सिंह तोमर आदि शामिल थे।