सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम, शनिवार शाम ले सकती हैं शपथ, एनसीपी ने की पुष्टि

 महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद पर अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार काबिज हो सकती हैं। एनसीपी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है। एनसीपी सूत्रों की मानें तो अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उप मुख्यमंत्री का पद ग्रहण करने का अनुरोध स्वीकार कर लिया है।

Jan 30, 2026 - 21:04
Jan 30, 2026 - 22:32
 0
 सुनेत्रा पवार बनेंगी महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम, शनिवार शाम ले सकती हैं शपथ, एनसीपी ने की पुष्टि


 

मुंबई\पुणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद पर अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार काबिज हो सकती हैं। एनसीपी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है। बताया गया है कि यह फैसला अजित पवार की अचानक मृत्यु के बाद लिया गया है। इस बीच एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की खबरें भी तेज हो गई हैं। कुछ लोग इसे अजित पवार की आखिरी इच्छा बता रहे हैं।

एनसीपी सूत्रों की मानें तो अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उप मुख्यमंत्री का पद ग्रहण करने का अनुरोध स्वीकार कर लिया है। ऐसे में अब शनिवार को एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी। इसमें सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद सुनेत्रा पवार शनिवार शाम पांच बजे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं।  

इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा के एनसीपी विधायक दल की नई नेता बनने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इस महत्वपूर्ण पद को भरने से पहले परिवार की सहमति ली जाएगी। हालांकि एनसीपी सूत्रों ने बताया है कि सुनेत्रा पवार ने इस पद के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।

पटेल ने कहा कि प्राथमिकता उपमुख्यमंत्री और एनसीपी विधायक दल के नेता के खाली पदों को भरना है, जो अजित पवार के निधन के समय उनके पास थे। उन्होंने कहा कि शीर्ष संगठनात्मक पद (दिवंगत नेता पार्टी अध्यक्ष भी थे) पर नियुक्ति करना फिलहाल कोई मुद्दा नहीं है। पटेल ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उन्हें बताया कि सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन का एक प्रमुख घटक दल एनसीपी अपने नेतृत्व परिवर्तन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है।

उन्होंने कहा कि अजित पवार एनसीपी विधायक दल के नेता और सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन के एक महत्वपूर्ण पदाधिकारी थे। हम नेतृत्व परिवर्तन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं। पटेल ने इस बात पर जोर दिया कि एनसीपी विधायक दल की नेता के रूप में अजित पवार के स्थान पर सुनेत्रा पवार के नाम का विरोध करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

सुनेत्रा पवार वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं और राज्य विधानमंडल के किसी भी सदन की सदस्य नहीं हैं। बुधवार को विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत के बाद पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट रिक्त हो गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता और पार्टी की भावनाएं एक जैसी हैं। हमें (अजित पवार के) परिवार से (महत्वपूर्ण नियुक्तियों के बारे में) बात करनी होगी, पहले उनसे (मंजूरी के लिए) अनुरोध करना होगा।