आगरा के रामलाल वृद्धाश्रम में श्याम भजनों की मधुर गूंज, वृद्धजन भक्ति में झूमे
आगरा। कैलाश मंदिर के पास स्थित रामलाल वृद्ध आश्रम एवं गौशाला में गुरुवार को श्रीजी सरकार मित्र मंडल द्वारा आयोजित मासिक नि:शुल्क श्याम कीर्तन में वृद्धजनों ने भक्ति में डूबकर श्याम भजनों पर झूमते हुए आराधना की। यह मंडल का 7वां मासिक आयोजन था जिसमें आध्यात्मिक आनंद के साथ सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से हुई, जिसके बाद जैसे ही- कौन कहता है भगवान आते नहीं, तुम मीरा के जैसे बुलाते नहीं... जैसे भजन गूंजे, समस्त वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो गया। आश्रम में निवासरत वृद्ध माता-पिता ने भजनों पर भाव-विभोर होकर न केवल कीर्तन का आनंद लिया बल्कि आत्मिक सुकून भी प्राप्त किया।
श्रीजी सरकार मित्र मंडल के सदस्यों ने आश्रम वासियों के साथ मिलकर सेवा कार्यों में भागीदारी निभाई तथा सभी को भोग प्रसादी वितरित की गई। वृद्ध माता-पिता ने आयोजन के लिए मंडल का आभार जताया और इस प्रकार के आयोजनों की नियमितता की कामना की। यह आयोजन न केवल एक आध्यात्मिक उत्सव था बल्कि वृद्धजनों को स्नेह और सम्मान का अनुभव भी कराता है।
मंडल अध्यक्ष मनीष वर्मा ने कहा कि यदि कोई भी सनातनी आर्थिक स्थिति के कारण श्याम कीर्तन, सुंदरकांड पाठ या माता की चौकी नहीं करा पा रहा है तो वह मंडल से संपर्क कर सकता है। कार्यक्रम में मंडल के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे जिनमें उपाध्यक्ष नितिन कुशवाह, नवीन कुशवाह, कोषाध्यक्ष मृदुल वार्ष्णेय, महामंत्री सुशील कुशवाह, प्रचार मंत्री सौरभ श्रीवास्तव, सचिव सुमित बंसल, विशेष सलाहकार शिवम वर्मा तथा संरक्षक राजेश कुशवाह प्रमुख थे।