डांडिया नाइट में झूमी ताजनगरी: लायंस क्लब विश्वास के रंग में रंगे आगराइट्स
लायंस क्लब विश्वास द्वारा आयोजित डांडिया नाइट में हर चेहरे पर मुस्कान, हर हाथ में डांडिया और हर दिल में उत्सव का जोश था। इस शानदार आयोजन ने साबित कर दिया कि ताजनगरी न सिर्फ प्रेम की नगरी है बल्कि उत्सव की धड़कन भी है।
आगरा। ताजनगरी की शाम गुरुवार को रंगों, रोशनी और संगीत से सराबोर हो उठी। फतेहाबाद रोड स्थित सिग्नेचर रिसॉर्ट में लायंस क्लब विश्वास की ओर से भव्य डांडिया नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें शहर की महिलाएं, युवतियां और परिवारीजन पारंपरिक परिधानों में झूम उठे। किसी ने अनारकली लहंगा पहना तो कोई राजस्थानी पगड़ी, दुपट्टा और आभूषणों से सजी दिखाई दी। दूधिया रोशनी और संगीत की गूंज ने माहौल को मानो किसी सपनों की दुनिया में बदल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला राज्य आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर जितेंद्र चौहान, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संजीव तोमर, वीडीजी अजय भार्गव और आर.एन. वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके साथ ही रंग-बिरंगी रोशनी में सजे मंच पर शुरू हुआ संगीत का जादू।
इंडियन आइडल फेम गायक अंकिता मिश्रा ने अपने दमदार गीतों — ढोल बाजे नगाड़े संग ढोल बाजे, आधा है चंद्रमा रात आधी, ढोली तारो ढोल बाजे और दीवाने तो दीवाने हैं ... से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित लोग झूमने पर मजबूर हो गए। युवतियों ने डांडिया की ताल पर थिरकते हुए दोस्ती और उमंग का खूबसूरत नज़ारा पेश किया। जैसे-जैसे रात गहराती गई, वैसे-वैसे उत्साह का रंग और गहराता चला गया।
लायंस क्लब विश्वास के अध्यक्ष मयंक अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य शहरवासियों को त्योहारों के पारंपरिक स्वरूप से जोड़ना और सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि डांडिया नाइट के माध्यम से हम फेस्टिव हार्मनी का संदेश देना चाहते हैं।
इस मौके पर सचिव सुशील बंसल, कोषाध्यक्ष सिद्धार्थ बंसल, निखिल गर्ग, अनुपम अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, अनित अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, राजकुमार कोल, गौरव अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, कमल गुप्ता, विदित बंसल, दीपक गोयल, रितिका गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लायंस क्लब के सदस्य और नागरिक मौजूद रहे।