ताज महोत्सव-2026 होगा भव्य और बेमिसाल, नवीन स्थल पर तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, सूफी-बॉलीवुड-कॉमेडी नाइट समेत दस दिन तक होंगे रंगारंग आयोजन
आगरा में 18 फरवरी से शुरू होने जा रहे ताज महोत्सव-2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने फतेहाबाद रोड स्थित नवीन प्रस्तावित स्थल टाटा ग्राउंड (जेपी होटल के निकट) पर पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया, जन सुविधाओं की समीक्षा की और आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित व यादगार बनाने के निर्देश दिए।
आगरा। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने 18 से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाले ताज महोत्सव-2026 की तैयारियों के क्रम में बुधवार को फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड (जेपी होटल के निकट) का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टॉल, मंच, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और जन सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार ताज महोत्सव भव्य एवं बेमिसाल होगा। महोत्सव में सूफी नाइट, बॉलीवुड नाइट, कॉमेडी (लाफ्टर) नाइट सहित कई थीम आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें लोकप्रिय बॉलीवुड सिंगर्स और नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने आमजन से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव का आनंद लेने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ताज महोत्सव-2026 के लिए नवीन स्थल पर ले-आउट प्लान के अनुसार कार्य प्रारंभ हो चुका है। लगभग 04 एकड़ क्षेत्रफल में आयोजन स्थल विकसित किया जा रहा है, जहां समुचित पार्किंग व्यवस्था, फतेहाबाद रोड एवं ताजनगरी रोड से अलग-अलग एंट्री-एग्जिट, मुख्य मंच, कलाकारों हेतु ग्रीन रूम, मीडिया गैलरी, दर्शक दीर्घा, फूड जोन, फन जोन, झूले, फ्लावर शो, ओडीओपी प्रदर्शनी स्थल व पर्याप्त शौचालय की स्थापना की जा रही है।
बताया गया कि जहां पिछले वर्ष 300 स्टॉल लगे थे, वहीं इस बार 500 स्टॉल लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगरा मंडल के बेहतरीन उत्पाद, ODOP, यूपी हैंडीक्राफ्ट, कार्पेट और पॉटरी के श्रेष्ठ स्टॉल लगाए जाएं। स्टॉल आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाए। साथ ही लाइटिंग, साज-सज्जा, प्रचार-प्रसार, कलाकार चयन से जुड़ी सभी निविदाएं समय पर जारी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रमों की रूपरेखा पर जानकारी देते हुए बताया गया कि महोत्सव में कवि सम्मेलन/मुशायरा, सूफी नाइट, डिवोशनल नाइट, फोक म्यूजिक/थिएटर, लाफ्टर नाइट, वालीवुड नाइट, पंजाबी नाइट जैसे विविध सांस्कृतिक आयोजन होंगे। कलाकारों की सूची संबंधित समिति द्वारा अंतिम रूप दी जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रमों की तिथिवार सूची शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
यातायात और सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने फतेहाबाद रोड के लिए अलग ट्रैफिक प्लान, मैदान में कार्पेट की समुचित बिछावन, गणमान्य अतिथियों को समय से आमंत्रण, तथा समाज कल्याण, खादी ग्रामोद्योग, स्वास्थ्य, विद्युत, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की समुचित व समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने को कहा।