बटेश्वर और सीकरी तक होगा ताज महोत्सव का विस्तार

आगरा। शहर के शिल्पग्राम में होने वाला ताज महोत्सव अब निरंतर विस्तार ले रहा है। शहर में शिल्पग्राम के अलावा सूरसदन व अन्य स्थानों पर तो कार्यक्रम होते ही हैं, अब इसका विस्तार एक तरफ बटेश्वर तथा दूसरी तरफ फतेहपुरसीकरी तक होने जा रहा है। सांसद राज कुमार चाहर द्वारा इसके लिए किए गए प्रयास रंग लाने लगे हैं।

Jan 7, 2025 - 21:27
 0
बटेश्वर और सीकरी तक होगा ताज महोत्सव का विस्तार

-एक तीर्थस्थल तो दूसरा पर्यटन स्थल, दोनों जगहों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम-सांसद चाहर

फतेहपुरसीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने बताया कि संसदीय क्षेत्र फतेहपुरसीकरी के बटेश्वर और सीकरी में आगरा की तर्ज पर ताज महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने को लेकर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी से व्यापक चर्चा हुई है। सांसद चाहर ने कहा कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम शहर में होते हैं, देहात में कोई कार्यक्रम नहीं होता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बटेश्वर और फतेहपुर सीकरी में भी कार्यक्रम होने चाहिए।

सांसद चाहर के अनुसार इस पर सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है। पिछली बार फतेहपुरसीकरी में कब्बाली का कार्यक्रम हुआ था। इस बार फतेहपुरसीकरी के साथ बटेश्वर में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस संबंध में उन्होंने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से भी चर्चा की है।

सांसद चाहर ने कहा कि बटेश्वर तीर्थस्थल के साथ ही भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली है। वहीं दूसरी तरफ फतेहपुरसीकरी ऐतिहासिक और विख्यात स्थल है, जहां रोज हजारों की संख्या में पर्यटकों का आवागमन रहता है। उन्होंने कहा कि हमारे बटेश्वर और सीकरी में भी ताज महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तो वहां पर्यटक भी अधिक पहुंचेंगे। इससे रोजगार को भी बढ़ावा मिलन के साथ पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र को पहचान मिलेगी।

SP_Singh AURGURU Editor