राधा-कृष्ण का रूप धर नन्हें कलाकारों ने सज्जा महोत्सव में जीवंत किया द्वापर युग
आगरा। संस्कार भारती आगरा महानगर ब्रज प्रांत मध्य नगर आयोजन समिति द्वारा विजय नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में श्री कृष्ण रूप सज्जा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा और नटखट कान्हा के मनमोहक रूपों में प्रतिभाग कर कार्यक्रम स्थल को गोकुल धाम में बदल दिया।
मुख्य अतिथि समाजसेवी कांता बंसल ने बच्चों में संस्कार और सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम की सराहना की। प्रांतीय संरक्षक आलोक आर्य ने बताया कि नवजात से सात वर्ष तक के लगभग 60 बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया।
बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी श्रीकृष्ण पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन ललितेश गुप्ता और अजय तोशनीवाल ने किया। इस अवसर पर कई गणमान्य स्थानीय व्यक्ति और पार्षद भी मौजूद रहे।