टीबी उन्मूलन की पहल: सामुदायिक रेडियो 90.4 और एनजीओ ने महिला मरीजों को दी पोषण पोटली
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो 90.4 ‘आगरा की आवाज़’ पर मंगलवार को एक प्रेरणादायक सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत महिला टीबी मरीजों के सहयोग के लिए श्री बाँके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी ने अपनी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 5 महिला टीबी मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की।
कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के संस्थापक डॉ. मदन मोहन शर्मा ने किया। पोषण पोटली सीधे सामुदायिक रेडियो केंद्र पर ही मरीजों को प्रदान की गई।
श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी कई वर्षों से सामुदायिक रेडियो 90.4 के माध्यम से टीबी मरीजों को अपनाने, पोषण पोटली वितरण और जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
महिला टीबी मरीजों को दी गई पोटली में दालें, चना, रमांस दाल, दलिया, सत्तू, सोयाबीन, मूंगफली, देसी खांड, बोर्नवीटा पाउडर और सैनिटरी पैड आदि सामग्री थी।
सामुदायिक रेडियो की निदेशिका प्रो. अर्चना सिंह ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय का रेडियो लंबे समय से टीबी जागरूकता, पोषण, स्वास्थ्य सुधार, सामाजिक सशक्तिकरण और मानवता को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण श्रीवास्तव का भी वर्षों से रेडियो को निरंतर सहयोग मिलता रहा है।
कार्यक्रम अधिशासी पूजा सक्सेना और इंजीनियर तरुण श्रीवास्तव ने बताया कि टीबी समन्वयक कमल सिंह के सहयोग से सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से कई जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें भी प्रदान की गईं हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।