पुष्प सौंदर्य में टीयर्स का परचम, फूलों की सज्जा से पुष्प प्रदर्शनी में प्रथम स्थान पर किया कब्ज़ा

आगरा। पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यबोध का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान ने इस वर्ष की राजकीय पुष्प प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विभिन्न प्रकार के आकर्षक, दुर्लभ और मनमोहक फूलों की श्रेणियों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत करने एवं उनकी उत्कृष्ट सज्जा के लिए संस्थान को निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Feb 23, 2026 - 13:06
 0
पुष्प सौंदर्य में टीयर्स का परचम, फूलों की सज्जा से पुष्प प्रदर्शनी में प्रथम स्थान पर किया कब्ज़ा
राजकीय शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में पुरस्कार प्राप्त करतीं टीयर्स की डाइरेक्टर डॊ. रीता अग्रवाल।

निर्णायक मंडल ने टीयर्स द्वारा लगाए गए पुष्पों की गुणवत्ता, रंग संयोजन, बगीचे की समग्र संरचना के साथ-साथ साफ-सफाई और सुव्यवस्थित रख-रखाव की विशेष रूप से सराहना की। प्रदर्शनी में टीयर्स का स्टॉल दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां फूलों की विविधता और उनकी सजीव प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर संस्थान की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने कहा कि पेड़-पौधों और फूलों की देखभाल केवल सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए प्रयास करना चाहिए, जिससे स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सके।

टीयर्स बौद्धिक दिव्यांगजन संस्थान द्वारा प्राप्त यह सम्मान न केवल संस्थान की रचनात्मकता और अनुशासन का प्रमाण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सामाजिक संस्थाएं पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा सकती हैं। संस्थान से जुड़े सभी सदस्यों और सहयोगियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor