बदायूं में ट्रैक्टर की टक्कर से किशोर कांवड़िये की मौत, गुस्साए श्रद्धालुओं ने लगाई आग, रोड जाम
-आरके सिंह- बदायूं। उझानी थाना क्षेत्र के बुटला मोड़ पर शुक्रवार को कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे ट्रैक्टर ट्राली के आगे आराम कर रहे 14 वर्षीय कांवड़िये अंकित की एक अन्य कांवड़ियों के जत्थे के ट्रैक्टर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने सालार मार्ग को जाम कर दिया और आरोपी ट्रैक्टर ट्राली को आग के हवाले कर दिया। दो जत्थों के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें कई लोग चोटिल हुए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया।
-कांवड़ियों के दो जत्थों में झड़प के बाद पैदा हुआ तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति
सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक अंकित (पुत्र नरेंद्र, उम्र 14 वर्ष) निवासी भगवानपुर, थाना भुता, बरेली अपने जत्थे के साथ कछला गंगा घाट से जल भरकर लौट रहा था। जत्था सड़क किनारे ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर आराम कर रहा था, इसी दौरान पीछे से आ रहे लल्ला बाबू नामक ट्रैक्टर चालक ने दूसरी ट्राली में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित ट्राली के टायर की चपेट में आ गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक के साथियों ने आक्रोश में आकर दूसरा ट्रैक्टर जला दिया और हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मौके से आग बुझाकर रास्ता खाली कराया गया। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और आवागमन सामान्य हो गया है।