छेड़छाड़ का शिकार किशोरी बोली- मुझे कुछ हुआ तो जिम्मेदार पुलिस होगी
आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का शिकार हुई एक किशोरी पुलिस में मुकदमा लिखवाए जाने के बावजूद अपनी और अपने परिवारीजनों की सुरक्षा को लेकर भयभीत है। इस किशोरी का कहना है कि पुलिस दो आरोपियों को बचाने में लगी हुई है और ये दोनों आरोपी उसे लगातार धमकियां दे रहे हैं। अगर उसे या उसके परिवार को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदार पुलिस होगी।
-पीड़िता ने वीडियो वायरल कर बताया- छेड़छाड़ के दो आरोपियों को बचा रही है फतेहाबाद पुलिस, लगातार धमकियां मिल रहीं
रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के कई दिन बाद भी दो आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने पर इस किशोरी ने एक वीडियो वायरल कर अपनी व्यथा बताई है। वीडियो में पीड़िता पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा देते हुए बताती है कि ट्यूशन से लौटते समय संस्कार, मलिक आदि उसे अपने घर में खींच ले गए। घर में उसका गला दबाया और मारपीट की। इस बीच किसी का फोन आने पर इन लोगों ने उसे छोड़ दिया। लौटते समय धमकी दी थी कि अगर अपने परिवार वालों को बताया तो तुझे और परिवार वालों को मार देंगे।
पीड़िता के अनुसार उसने घर में आकर सारी घटना बताई। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट भी लिखा दी गई। पुलिस ने एक आरोपी संस्कार को तो पकड़कर जेल भेज दिया, लेकिन दो अन्य आरोपियों मलिक और बृजेश के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उसका मेडिकल भी कराया गया। पुलिस इन दोनों आरोपियों को थाने बुलाती है और फिर जाने देती है। इधर ये दोनों आरोपी उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं। ऐसे में अगर हमें कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।