आगरा में चोरों का आतंक: घर और दुकान दोनों निशाने पर, पिनाहट में व्यापारी के घर से लाखों की चोरी, फतेहाबाद क्षेत्र में भी किया हाथ साफ
आगरा। जिले में सर्दी के मौसम के साथ ही चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। बीते 24 घंटे के भीतर आगरा के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर परचून व्यापारी के घर को निशाना बनाया गया, तो दूसरी ओर डीजे साउंड की दुकान से लाखों का सामान साफ कर दिया गया।
परचून व्यापारी के घर लाखों की चोरी
पहली घटना थाना पिनाहट क्षेत्र के आगरा रोड बिजली घर के पास मोहल्ले की है। यहां अज्ञात चोरों ने एक परचून व्यापारी के घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ले गए। सुबह जब व्यापारी को घर में चोरी की जानकारी हुई तो वह दंग रह गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीजे साउंड की दुकान से डेढ़ लाख से ज्यादा की चोरी
दूसरी वारदात थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फिरोजाबाद मार्ग स्थित पूठपुरा की है। यहां अज्ञात चोरों ने मनोज कुमार की डीजे साउंड की दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे तीन जनरेटरों के ऑल्टरनेटर (डायनामा), दो साउंड मशीनें और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचा तो छत कटी देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अनुमान है कि चोरी का आंकड़ा डेढ़ लाख रुपये से अधिक है।
Top of Form
Bottom of Form