गारमेंट फेयर में चमका वस्त्र उद्योग: कुर्ती, ट्राउजर, शेरवानी ने बटोरी वाहवाही
आगरा। ब्रज डवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा आयोजित ऑटम विंटर गारमेंट फेयर में वस्त्र उद्योग की रौनक देखते ही बन रही है। बुधवार को फेयर के दूसरे दिन ताज रोड स्थित होटल क्लार्क्स शिराज में हुए आयोजन में पिछले वर्ष की तुलना में ऑर्डर बुकिंग में 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
इस बार महिलाओं के फैब्रिक सेगमेंट में चंदेरी मल और डोला जेकार्ड की मांग सबसे आगे रही। महिलाओं के लिए हौजरी की कुर्ती और सलवार के साथ फुल लैंथ कुर्ती, डिज़ाइनर नाइट कुर्ती और मलमल-मसलीन से बने सलवार-कुर्ता सेट भी खूब पसंद किए गए। वहीं पुरुषों के लिए ट्राउजर, शर्ट, सिक्स इन वन सूट, और ब्लेजर की रेंज ने आकर्षण बटोरा।
शेरवानी में इंब्रॉयडरी वर्क बना खास आकर्षण
दूल्हों के लिए यूपी, एमपी और राजस्थान से आए व्यापारियों को इंब्रॉयडरी वर्क वाली शेरवानी बेहद पसंद आई। शादी-विवाह के सभी अवसरों जैसे हल्दी, मेहंदी, घुड़चढ़ी, और परोजन के लिए एक जैसे ड्रेस सेट्स की मांग भी जोर पर रही।
मेला संयोजक अशोक माहेश्वरी ने बताया कि फेयर में हर वर्ग और आयु के लिए परिधान उपलब्ध हैं, अब व्यापारियों को दिल्ली, बम्बई या बंगलूरू जाने की आवश्यकता नहीं। मेला समन्वयक प्रदीप माहेश्वरी के अनुसार हर सेगमेंट में ग्राहकों की पसंद तेजी से बदली है और फैशन के नए ट्रेंड उभरकर सामने आए हैं।
पुरुषों के सूट और जैकेट में फ्यूजन की धूम
सिक्स इन वन सूट में डबल कोटी का नया फ्यूजन स्टाइल आकर्षण का केंद्र बना है। ब्लेजर में ट्वीड क्विड, कोडराइस, और सदाबहार चेक प्रिंट खूब सराहे गए। जैकेट और जींस में नीले व भूरे पारंपरिक रंगों की मांग बनी रही। छोटे बच्चों के लिए भी पार्टीवियर सूट की तलाश देखी गई।
व्यापारियों और आगंतुकों की भागीदारी
दूसरे दिन करीब 700 व्यापारियों ने फेयर में भाग लिया। शिवपुरी से आई महिला उद्यमियों को चिकन वर्क की डिजाइनें पसंद आईं। फिरोजाबाद से आए सुभाष ने टी-शर्ट रेंज में रुचि दिखाई। अतरौली से आए पारस ने नाइट कुर्तियों की तारीफ की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अमित चड्ढा, राज खेतान, अभिषेक जैन, मयंक गुप्ता, महेश अग्रवाल, कुलदीप यादव, रोहित कुमार, नवनीत जैन, दीपक राजपूत, आशु, अवनीश, विकास, पप्पू आदि उपस्थित रहे। फेयर 24 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक जारी रहेगा।