छतरपुर के मजदूर का शव आगरा में ईंट भट्ठे के हौद में तैरता मिला
आगरा। थाना बसई अरेला क्षेत्र के लडऊआपुरा गांव के पास एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव भट्ठे के पास बने करीब तीन फीट गहरे पानी के हौद में तैरता मिला।
-थाना बसई अरेला क्षेत्र के लडउआपुरा के ईंट भट्ठे का मामला, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतक मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का निवासी बताया गया है और यहां भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए आया हुआ था।
शराब के नशे में गिरने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मृतक युवक नशे की हालत में अनियंत्रित होकर हौद में गिरा होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी।
स्थानीय लोगों में फैली सनसनी
भट्ठे पर कार्यरत अन्य मजदूरों ने युवक को आखिरी बार रात में देखा था। सुबह जब वह नजर नहीं आया तो खोजबीन शुरू हुई, जिसके बाद हौद में उसका शव तैरता मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस जुटी है जांच में
थाना बसई अरेला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दी है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान, सामाजिक पृष्ठभूमि और घटनाक्रम से जुड़ी हर कड़ी को खंगाला जा रहा है।