शोहदे ने पकड़ा किशोरी का हाथ, विरोध पर उड़ेला खौलता तेल, दो गिरफ्तार

बरेली। जिले के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव सफरी में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव की 19 वर्षीय किशोरी के साथ सरेराह बदसलूकी करने वाले दो युवकों ने विरोध करने पर कड़ाही में खौलता तेल उस पर उड़ेल दिया। पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Apr 13, 2025 - 21:51
 0
शोहदे ने पकड़ा किशोरी का हाथ, विरोध पर उड़ेला खौलता तेल, दो गिरफ्तार


रास्ते में रोका और की वारदात
पीड़िता के पिता धनपाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 11 अप्रैल को उनकी पुत्री पड़ोसी के घर से लौट रही थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला 21 वर्षीय नन्हें नामक युवक ने रास्ते में उसका हाथ पकड़ लिया। विरोध करने पर नन्हें ने अपने साथी अंकित (22) के साथ मिलकर पास ही लगे मोमोज के ठेले की कड़ाही से खौलता तेल किशोरी पर फेंक दिया। यही नहीं, किशोरी का गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। गंभीर हालत में किशोरी को प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया।

पुरानी रंजिश का असर
पुलिस के अनुसार, यह घटना केवल छेड़खानी का मामला नहीं है, बल्कि दोनों परिवारों के बीच पिछले एक वर्ष से चली आ रही आपसी रंजिश का परिणाम भी हो सकता है। आए दिन दोनों पक्षों में मारपीट और विवाद होते रहते हैं।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
एएसपी मेविश टॉक ने बताया कि पीड़िता के पिता धनपाल की तहरीर पर आरोपियों नन्हें और अंकित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118 (1), 115 (2), 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।