अंतिम सलामी के साथ विदा हुआ बेटा: कूलर में करंट से गई थी फौजी की जान, पूरे गांव की आंखें हुईं नम

आगरा। गांव गुर्जा शिवलाल (थाना पिड़ौरा क्षेत्र) मंगलवार को शोक की चादर में लिपट गया, जब फौजी अनिल परिहार का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा। सैन्य सम्मान के साथ जब जवान को अंतिम विदाई दी गई तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई। सेना के जवानों और स्थानीय पुलिस ने पुष्प अर्पित कर सलामी दी, वहीं भारत माता की जय और अमर रहे के नारों से गांव गूंज उठा।

May 20, 2025 - 23:36
 0
अंतिम सलामी के साथ विदा हुआ बेटा: कूलर में करंट से गई थी फौजी की जान, पूरे गांव की आंखें हुईं नम
पिढौरा थाना क्षेत्र के गुर्जा शिवलाल में सेना के जवान अनिल परिवार की अंतिम विदाई के मौके की तस्वीरें, जिनमें विलखते परिजन, दिवंगत जवान का अबोध बच्चा पिता को मुखाग्नि देने के लिए एक युवक की गोद में। जवान को पुष्प अर्पित करते सेना के अधिकारी और इस मौके पर मौजूद शोकाकुल लोग।

छुट्टी पर आए थे, कूलर में करंट से गई जान

अनिल परिहार सेना में कार्यरत थे और छुट्टी पर अपने घर आए थे। मंगलघर सुबह घर के कूलर में पानी भरते समय करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल मिलिट्री अस्पताल, आगरा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर को गांव लेकर पहुंचे।

मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

जवान की अंतिम यात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा। जैसे ही शव घर पहुंचा, पत्नी और मां बेसुध हो गईं। अब कौन लौटेगा ड्यूटी से तिरंगे के नीचे मुस्कराता हुआ?,  यह सवाल आंखों से बहते आंसुओं में हर कोई पूछ रहा था।

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

गांव के श्मशान घाट पर सेना के जवानों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में गन सलामी दी गई। अंत्येष्टि के समय माहौल पूरी तरह भावुक हो गया। देश की रक्षा करते हुए जिंदगी गंवाने वाले इस सपूत को पूरे गांव ने गर्व के साथ अंतिम विदाई दी।

SP_Singh AURGURU Editor