मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की एक्टिवा तो ले गया पर सीसीटीवी में अपनी शक्ल कैद करा गया चोर
आगरा। थाना लोहा मंडी क्षेत्र की पॉश कॉलोनी जयपुर हाउस में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की एक्टिवा स्कूटर दिनदहाड़े चोरी हो गई। यह वारदात उस समय हुई जब एमआर धर्मेंद्र शर्मा एक डॉक्टर से मिलने नर्सिंग होम के अंदर गए हुए थे।
दिल्ली गेट क्षेत्र के काले का ताल निवासी नत्थी लाल शर्मा के पुत्र धर्मेंद्र शर्मा एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे वे जयपुर हाउस स्थित बिंद्रा नर्सिंग होम में विजिट पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी सफेद रंग की एक्टिवा UP80-CR-9211 नर्सिंग होम के बाहर खड़ी की और डॉक्टर मधु बिंद्रा से मिलने अंदर चले गए।
कुछ ही मिनटों बाद जब वे लौटे तो उनकी एक्टिवा गायब थी। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पाया कि एक अज्ञात युवक ने स्कूटर का लॉक तोड़ा और गाड़ी लेकर फरार हो गया।
धर्मेंद्र शर्मा ने घटना की लिखित तहरीर थाना लोहा मंडी में देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।