जिस पत्नी के लिए कमाकर लाया, उसी ने प्रेमी भांजे के साथ मिल ठिकाने लगा दिया नौशाद
देवरिया। मेरठ की मुस्कान जैसी ही रिश्तों को कलंकित कर देने वाली वारदात देवरिया में भी सामने आई है। दुबई से कुछ दिन पहले लौटे नौशाद की हत्या उसी की पत्नी रजिया ने अपने प्रेमी भांजे के साथ मिलकर कर दी। हत्या के बाद शव को दो टुकड़ों में काटकर उसी सूटकेस में बंद कर फेंक दिया, जिसे नौशाद दुबई से साथ लेकर आया था। पुलिस ने सूटकेस पर लगे एयरपोर्ट बारकोड और दस्तावेजों के आधार पर शव की शिनाख्त ही नहीं कर ली बल्कि छह घंटे के अंदर वारदात का खुलासा भी कर दिया।
-दुबई से लौटा नौशाद चढ़ा अवैध संबंधों की बलि, शव को दो हिस्सों में काटा और सूटकेस में बंद कर खेते में फेंक आए
घटना टरकुलवा थाना क्षेत्र के पटखौली गांव की है। रविवार की सुबह खेत में एक सूटकेस मिलने से हड़कंप मच गया। जब ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सूटकेस खोला गया तो उसमें युवक की लाश दो हिस्सों में पाई गई। शव की पहचान भाटौली निवासी नौशाद अहमद (38) के रूप में हुई। नौशाद हाल ही में दुबई से घर लौटा था।
पुलिस ने जब मामले की तफ्तीश शुरू की तो नौशाद के घर से एक और खून से सना सूटकेस मिला। घर की तलाशी और पड़ताल में नौशाद की पत्नी रजिया से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। रजिया ने बताया कि उसके भांजे रोमान से प्रेम संबंध थे और नौशाद उन दोनों के बीच आड़े आ रहा था। इसी कारण उन्होंने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। रोमान ने अपने दोस्त हिमांशु के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। यही दोनों बोलेरो गाड़ी से शव को 55 किलोमीटर दूर खेत में फेंक कर आए।
रजिया ने अपने भांजे के साथ मिलकर पहले नौशाद की गला दबाकर हत्या की, फिर शव के दो टुकड़े कर एक सूटकेस में भर दिया। पहले शव को एक अन्य सूटकेस में भरने की कोशिश हुई, लेकिन वह छोटा होने के कारण बड़े बैग का इस्तेमाल किया गया। इस पूरे मामले में पुलिस ने रजिया को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका प्रेमी भांजा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।