युवक ने कुंडे से लटककर आत्महत्या की, पुलिस जुटी जांच में
आगरा। थाना जगदीशपुरा के बोदला चौकी क्षेत्र स्थित राहुल नगर शीतल कुंज में किराए पर रहने वाले 27 वर्षीय जूता कारीगर ने छत के कुंडे से लटक कर अपनी जीवन लीला की समाप्त कर ली। पुलिस ने शव को कुंडे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि मृतक सनी पिछले डेढ़ साल से शीतल कुंज में किराए के मकान पर रह रहा था। मृतक के कमरे से पुलिस को उसका आधार कार्ड मिला है, जिसमें उसका निवास माईथान लिखा हुआ है।
मकान मालिक सुमन मिश्रा के मुताबिक एक दंपति किराए पर उनका मकान देखने आए थे। जब वह दंपति उनके साथ ऊपर कमरा देखने गए तो उन्होंने जंगले से कमरे के अंदर झांका। उसी समय उन्हें कमरे के अंदर शव लटका दिखा। जिसकी जानकारी दंपति और मकान मालिक ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को छत के कुंडे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक रविवार को मृतक सनी की बहन उससे मिलने आई थी। मृतक के पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सुसाइड के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।