आगरा के मंदिर में दिनदहाड़े चोरी: सीसीटीवी में कैद हुआ ‘कालू’, सेक्टर 16 स्थित मां आदिशक्ति मंदिर से चांदी का छत्र और नाग देवता पार, पांच महीने पहले भी इसी मंदिर से चोरी हुआ था चांदी का मुकुट
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-16 के मां आदिशक्ति मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोपहर 2 बजे हुई इस वारदात में चोर सीसीटीवी में कैद हो गया है। पांच महीने पहले भी इसी मंदिर में हुई चोरी का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी है।
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र अंतर्गत आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-16 स्थित मां आदिशक्ति मंदिर में 31 मार्च को दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार अपराह्न करीब 2 बजे एक व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ और वहां से देवी मां की प्रतिमा पर लगा चांदी का छत्र, तांबे के नाग देवता तथा तांबे का एक लोटा चोरी कर ले गया।
चोरी की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में एक व्यक्ति साफ तौर पर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया और 112 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी।
मां आदिशक्ति मंदिर समिति सेक्टर-16 के अध्यक्ष इं. एसके तोमर और महामंत्री एसके शर्मा की ओर से थाना सिकंदरा में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की पहचान स्थानीय लोगों ने ‘कालू’ नामक व्यक्ति के रूप में की है।
पहले भी हो चुकी है चोरी, कार्रवाई नहीं
मंदिर समिति ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि इससे पहले 4 नवंबर 2025 को भी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी हुआ था। उस मामले में आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा नहीं है, तो आम जनता कैसे सुरक्षित महसूस करे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।