जय जवान तो है पर जय किसान कहां?  संयुक्त किसान क्रांति मोर्चा की हुंकार

आगरा। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिए गए ऐतिहासिक नारे ‘जय जवान जय किसान’ को आज के संदर्भ में याद करते हुए संयुक्त किसान क्रांति मोर्चा ने बुधवार को फतेहाबाद रोड स्थित मंडल कार्यालय पर किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की आवाज बुलंद की।

Jul 2, 2025 - 17:53
 0
जय जवान तो है पर जय किसान कहां?  संयुक्त किसान क्रांति मोर्चा की हुंकार
कई संगठनों के संयुक्त किसान क्रांति मोर्चा के पदाधिकारी सत्यभान चौहान, तरुण शर्मा एवं अन्य बुधवार को प्रेस से वार्ता करते हुए।

-किसानों के हक़ में एमएसपी गारंटी, पेंशन और जैविक खेती की मांगों के साथ होगा बड़ा आंदोलन

इस अवसर पर जय जवान-जय किसान लोक शक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर सत्यभान चौहान ने कहा कि देश में ‘जय जवान’ तो हो रहा है, लेकिन ‘जय किसान’ की भावना लुप्त होती जा रही है। उन्होंने मांग की कि जैसे सरकार जवानों को स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधा देती है, वैसे ही किसानों को भी सम्मानजनक जीवन के लिए मुफ्त इलाज, शिक्षा और वृद्धावस्था पेंशन मिलनी चाहिए। 60 वर्ष से ऊपर के किसानों को 5000 रुपये मासिक पेंशन देने की भी उन्होंने पुरजोर मांग की।

एमएसपी गारंटी और जैविक खेती को लेकर आंदोलन की तैयारी

भारतीय किसान यूनियन स्वतंत्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने बताया कि 110 किसान, मजदूर व सामाजिक संगठनों के समन्वय से संयुक्त किसान क्रांति मोर्चा का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द एमएसपी गारंटी कानून लागू करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो देशव्यापी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने डीएपी और यूरिया को जैविक ज़हर बताते हुए जैविक खेती को अनिवार्य दिशा बताया। डॉ. शर्मा ने बताया कि मोर्चा जल्द ही 15 सूत्रीय मांगपत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सौंपेगा।

सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज़ करेंगे

भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने कहा कि सरकार सिर्फ उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, किसान और मज़दूरों के हित में कोई नीति नहीं बनाई जा रही। शिक्षा प्रणाली में लूट मची है और महंगाई आसमान छू रही है। ऐसे में संयुक्त किसान क्रांति मोर्चा को और अधिक मजबूत किया जाएगा और शीघ्र ही एक बड़ा आंदोलन शुरू होगा।

बिजली बिल माफ करने की मांग भी उठी

कार्यक्रम में चमन प्रधान ने गरीबों को दिए गए बिजली कनेक्शन के महंगे बिलों का मुद्दा उठाते हुए गरीबों के बिजली बिल माफ करने की मांग की। वहीं, मोर्चा के मंडल अध्यक्ष असद आलम खान ने संगठन की एकता और किसानों के हक़ की लड़ाई को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।

मंच पर उठीं गूंजती आवाजें

कार्यक्रम के दौरान जय जवान जय किसान, किसान एकता ज़िंदाबाद, जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। सभा में राजेश कुमार शर्मा, सुनील कुमार समाजसेवी, डॉ. रिंकू, संजय अग्रवाल, अभिषेक राजोरिया, बीके मिश्रा, रजनी वर्मा, मुकेश सोलंकी, ओमकार जादौन, रॉकी चौहान सहित अनेक किसान नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor