गोकुल में मच गयौ हल्ला, जसोदा ने जन्मो है लल्लाः महालक्ष्मी मंदिर में नंदोत्सव पर उमड़ी श्रद्धा की गंगा
आगरा। बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन बुधवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गोकुल धाम जैसा अद्भुत दृश्य देखने को मिला। नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…के जयकारों और बधाई गीतों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने झूमते हुए श्रीकृष्ण जन्म की इस दिव्य लीला को उल्लास और प्रेम के साथ मनाया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर महालक्ष्मी मंदिर में भव्य सजावट की गई थी। कथा व्यासपीठ से अरविंद महाराज ने भक्तों को कृष्ण जन्म का पावन प्रसंग सुनाया। जैसे ही उन्होंने गोकुल के नंद भवन में कन्हैया के अवतरण का वर्णन किया, उपस्थित श्रद्धालु गोकुल में मच गयौ हल्ला, जसोदा ने जन्मो है लल्ला…और “मैं जमुना पे सुन आई…जैसे बधाई गीतों पर झूम उठे।
कथा के दौरान भक्तजन पुष्पवर्षा में नाचते रहे। मंदिर प्रांगण में चारों ओर रंगबिरंगे गुब्बारे, पुष्पमालाएं, झांकियां और टॉफी–खिलौनों की वर्षा ने बच्चों और बड़ों सभी को आनंद से भर दिया।
नंदोत्सव में भक्तों ने माखन-मिश्री का भोग लगाया, महिलाओं ने खिलौने और मिठाइयां वितरित कीं। मुख्य यजमान राकेश गुप्ता और मीना गुप्ता ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
आज होंगे गिरिराज धरण के दर्शन
कार्यक्रम संयोजक वी.के. अग्रवाल ने बताया कि कथा के पांचवें दिन गुरुवार को मटकी फोड़, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा, गिरिराज धरण दर्शन, छप्पन भोग तथा बालकृष्ण लीला का विशेष वर्णन किया जाएगा।
कथा में अंकुर गुप्ता, गिरधारी लाल सिंघल, सचिन गुप्ता, रजनी अग्रवाल, आरती अग्रवाल, आशा गर्ग, राजकुमारी अग्रवाल, मीना गर्ग, विक्की गर्ग, विष्णु अग्रवाल, मनोज तोमर, विनोद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।