बरेली में 7 मई को होगा ब्लैक आउट, रात्रि 8 बजे से 10 मिनट तक अंधेरा छाएगा

बरेली। राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनज़र बरेली में 07 मई 2025 को रात्रि 8:00 बजे से 8:10 बजे तक ब्लैक आउट किया जाएगा। जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रक अविनाश सिंह ने मंगलवार को आदेश जारी करते हुए सभी नागरिकों से अपील की है कि देशहित में निर्धारित समय पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें, इन्वर्टर, टॉर्च व अन्य प्रकाश स्रोत बंद रखें।

May 6, 2025 - 21:45
 0
बरेली में 7 मई को होगा ब्लैक आउट, रात्रि 8 बजे से 10 मिनट तक अंधेरा छाएगा
सात मई को होने वाले ब्लैकआउट को लेकर मीटिंग करते बरेली के जिलाधिकारी।

यह ब्लैक आउट एक्सरसाइज आईवीआरआई कैंपस और आसपास के क्षेत्रों में आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य हवाई हमले की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के उपायों का अभ्यास कराना है। इस दौरान नागरिक सुरक्षा की टीम आपातकालीन बचाव विधियों का प्रदर्शन भी करेगी।

बरेली के जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि ब्लैक आउट के दौरान सभी नागरिक अपने घरों में रहें। किसी प्रकार का प्रकाश बाहर न जाने दें। धूम्रपान, माचिस, मोबाइल लाइट, टॉर्च और फ्लैशलाइट का उपयोग न करें। घरों की खिड़कियों पर काला कागज लगाएं ताकि रोशनी बाहर न जाए। सड़क पर चल रहे वाहन वहीं रुक जाएं और लाइट बंद कर दें। सायरन की ऊँची आवाज़ सुनने पर तत्काल बचाव प्रक्रिया में सहयोग करें।

ब्लैक आउट के दौरान सिविल डिफेंस वार्डन जनता की सहायता के लिए तैनात रहेंगे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से वार्डनों को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।

पाकिस्तान के साथ युद्र की आशंका को देखते हुए देश की जनता की तैयार रहने के लिए गृह मंत्रालय ने मॊक ड्रिल के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते आज कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनिवाश सिंह की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस व पुलिस व प्रशासनिक अफसरों एवं एयरफोर्स के अफसरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक ने विस्तार से हर आपदा में बचाव की तैयारियों की जानकारी दी।

कल बुधवार को आईवीआरआई मैदान में सिविल डिफेंस के माध्यम से युद्ध के दौरान बचाव का अभ्यास कराया जाएगा, जिसमें आग से बचाव, इमरजेंसी के वक्त स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के बारे में ट्रेनिंग दी जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor