चुनाव नतीजों से ये भी खुश और वे भी खुश, कुछ मायूस भी

आगरा। महाराष्ट्र, झारखंड के विधान सभा चुनाव और उत्तर प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में हुए उप चुनाव के नतीजों ने भाजपा ही नहीं, कांग्रेस के समर्थकों को खुश होने का मौका दिया है। समाजवादी पार्टी के समर्थक जरूर थोड़े मायूस से हैं। बसपा के समर्थक भी बहुत मायूस नजर आ रहे हैं।

Nov 24, 2024 - 11:33
 0
चुनाव नतीजों से ये भी खुश और वे भी खुश, कुछ मायूस भी
चुनाव नतीजों के बाद खुशी मनाने के लिए भाजपा कार्यालय पर जुटे कार्यकर्ता।

-भाजपाइयों ने मिठाई बांट और आतिशबाजी कर जश्न मनाया

-कांग्रेसजन वायनाड में प्रियंका की रिकार्ड जीत से हैं गदगद

-यूपी में दो गढ़ों के ढहने से से समाजवादी पार्टी में मायूसी

-उप चुनाव में भी यूपी में कोई करिश्मा न होने से बसपाई भी मायूस

आगरा को ही लें तो यहां भाजपा और कांग्रेस के समर्थकों के खुशी मनाने की अलग-अलग वजहें हैं। भाजपाइयों को जहां महाराष्ट्र और यूपी समेत कुछ अन्य राज्यों के नतीजों ने खुश होने का मौका दिया है तो कांग्रेसियों के लिए खुशी की बात प्रियंका गांधी की प्रचंड जीत है। प्रियंका की जीत में कांग्रेसजनों को उम्मीद की एक किरण दिखती है।

चुनाव और उप चुनाव के नतीजों ने हर प्रमुख राजनीतिक दल के समर्थकों को खुशी के साथ चुभन भी दी है। भाजपा के समर्थक महाराष्ट्र और यूपी के नतीजों पर जहां इतराते दिखते हैं, वहीं झारखंड की हार उन्हें चुभन भी दे रही है। इसी प्रकार कांग्रेसजन इस बात से खुश हैं कि झारखंड की सत्ता में वे उनकी साझेदारी रहेगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहली बार लोकसभा में प्रवेश करने जा रही हैं, जो कांग्रेसियों के उत्साह को बढ़ा रहा है। साथ ही महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों के उप चुनाव में पार्टी की हार कांग्रेसियों को खटक भी रही है। सपा समर्थक यूपी में अपने दो मजबूत गढ़ों कटेहरी और कुंदरकी के ढहने से मायूस हैं तो बसपा के समर्थक उप चुनाव में भी पार्टी की स्थिति में कोई सुधार न देख किस स्थिति में होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

चुनाव नतीजे बुराई पर अच्छाई की जीत- पुरुषोत्तम

आगरा। आगरा उत्तर के भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने महाराष्ट्र चुनाव व उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में भाजपा गठबंधन की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह राष्ट्रभक्तों की जीत है।  बुराई पर अच्छाई की जीत है। यह समाज को तोड़़ने वाली ताकतों पर जीत है।

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि सपा और कांग्रेस झूठ परोसकर समाज में जातिवाद और सम्प्रदाय का जहर घोलने वाले घोरतम सांप्रदायिक राजनीति करने वाले दल हैं। अब ये दोनों दल एक बार फिर ईवीएम के दुरपयोग का आरोप लगाकर लोमड़ी को अंगूर नहीं मिले,  तो खट्टे हैं के मुहावरे को चरितार्थ कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी की प्रचंड जीत मोदी की प्रचंड हार है- कांग्रेसजन

राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमाशंकर शर्मा एडवोकेट, पूर्व शहर अध्यक्ष राम टंडन, वरिष्ठ नेता भारत भूषण गप्पी, पूर्व जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, रामदत्त दिवाकर, अशोक शर्मा, नवीन चंद शर्मा, अहमद हसन, हाजी जमीलउद्दीन कुरैशी, प्रदीप चंसोलिया, बीएस फौजदार, सुरेश अमौरिया आदि ने केरल की वायनाड सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रचंड जीत पर खुशी जाहिर की है।

वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने कहा कि प्रियंका गांधी को देश की जनता दूसरी इंदिरा गांधी के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रियंका गांधी के हराने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया लेकिन वायनाड की जनता ने उन्हें रिकार्ड मतों से जिताया। प्रियंका गांधी की यह जीत सही मायने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रचंड हार है, क्योंकि प्रियंका गांधी ने जीत के मामले में नरेंद्र मोदी से भी ज्यादा रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है।

मोदी तो प्रधानमंत्री होते हुए भी बनारस से इतने अधिक वोटों से जीत दर्ज नहीं कर पाए जितनी कि राहुल गांधी ने रायबरेली और प्रियंका गांधी ने वायनाड से दर्ज कराई है। कांग्रेस नेताओं ने झारखंड में हेमंत सोरेन एवं कांग्रेस गठबंधन की जीत को भी भाजपा शासन की कुरीतियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झूठ  का करारा जवाब बताया है।

जीत मिलते ही भाजपाइयों ने बांटी मिठाई, आतिशबाजी भी

आगरा। बीते कल मतगणना के दौरान जैसे-जैसे चुनाव के नतीजे आते जा रहे थे, वैसे-वैसे स्थानीय भाजपा के अंतःपुर में खुशियां बढ़ रही थीं। जब यह यह तय हो गया कि महाराष्ट्र में एनडीए को 233  और उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में नौ में से सात सीटें भाजपा को मिल गई हैं, स्थानीय भाजपा पार्टी दफ्तर पर पहुंच गए।

भाजपा कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष भानु महाजन और भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी प्रकट की। आतिशबाजी भी की गई। महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने इस जीत के लिए सभी को बधाई दी। युवा मोर्चा के अध्यक्ष शैलू पंडित ने इसे पीएम मोदी के एक हैं तो सेफ हैँ और सीएम योगी के बंटेंगे तो कटेंगे नारे को जनता की स्वीकार्यता की मुहर बताया।

भाजयुमो ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत अंकित वाल्मीकि,  संचित कुलश्रेष्ठ, गोगा मौर्य, गोविन्द कुशवाहा, शिवा सोनी,  अतुल अवस्थी सचिन प्रधान, जितेंद्र मराठा, मनोज बघेल, सूरज पांडेय, सेमू पंडित, मंडल अध्यक्ष नितिन गौतम, चिंकी नरवार,  मोहित पांडे, हरीश लालवाणी, अभिजीत शर्मा, सनी ठाकुर, अमित गोयल एवं अन्य कार्यकर्ता इस जश्न में शऱीक थे।

SP_Singh AURGURU Editor