"ऑटो में घूमकर करते थे रेकी, रात में करते थे चोरी, सिकंदरा पुलिस ने तीन शातिर चोरों को दबोचा"
आगरा। सिकंदरा पुलिस ने पनवारी गांव में चोरी की योजना बना रहे तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से ताले और शटर तोड़ने के उपकरण बरामद किए गए हैं। ये आरोपी दिन में ऑटो से घूम-घूमकर इलाके की रेकी करते थे और रात में बंद मकानों एवं दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
आगरा। सिकंदरा पुलिस ने पनवारी गांव में चोरी की योजना बना रहे तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से ताले और शटर तोड़ने के उपकरण बरामद किए गए हैं। ये आरोपी दिन में ऑटो से घूम-घूमकर इलाके की रेकी करते थे और रात में बंद मकानों एवं दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
एसीपी हरीपर्वत अक्षय महादिक ने बताया कि सिकंदरा पुलिस रात में गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ऑटो को रोका, जिसमें तीन युवक सवार थे। ऑटो की तलाशी लेने पर रिंच, प्लास, कटर और ताले तोड़ने के औज़ार मिले। जब पुलिस ने पूछताछ की, तो तीनों ने स्वीकार किया कि वे दिन में ऑटो से घूमकर बंद मकानों और दुकानों की रेकी करते हैं और रात में चोरी करने निकलते हैं। ये पनवारी गांव में चोरी की बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पहले ही पकड़े गए।
ऐसे करते थे चोरी की योजना
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिन में शहर के विभिन्न इलाकों में ऑटो से यात्रियों का रूप लेकर घूमते थे। इस दौरान जिन घरों या दुकानों को बंद देखते, उन्हें अपने निशाने पर ले लेते। रात में वही लोग पहुंचकर ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
डीसीपी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज, निवासी कलवारी, अमर राठौर, निवासी नगला महादेव (ताजगंज), प्रमोद, निवासी बाह के रूप में हुई है। आरोपी मनोज पर पहले से 12 मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। तीनों के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन्होंने किन-किन इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते चेकिंग न होती, तो ये आरोपी पनवारी गांव में बड़ी चोरी की योजना को अंजाम दे सकते थे। अब पुलिस इनके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।