Video News : शहर में हैरान करने वाली चोरियां, सर्विलांस के सहारे चोरों को खोजने के बारे में तो आपने सुना होगा, लेकिन इस बार चोरों ने सर्विलांस को खोज लिया है, इन स्मार्ट चोरों को सबक सिखाने की तैयारी
आगरा। अब तक आपने सर्विलांस के सहारे चोरों को खोजने के बारे में सुना होगा लेकिन क्या हो जब चोर ही सर्विलांस सिस्टम को खोज लें। इससे सुरक्षा और अधिक खतरे में पड़ जाएगी।
आगरा में चोरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्होंने शहर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सर्विलांस सिस्टम पर ही धावा बोल दिया है। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए लगाए गए उपकरणों की चोरी की जा रही है। यह चोरियां भ्ज्ञी काफी हैरान करने वाली हैं। शहर में निगाह रखने के लिए लगाए गए कैमरों की रिकार्डिंग तथा उपकरणों के बेहतर संचालन के लिए लगाए गए सर्विलांस जंक्शन बाक्स से चोर बैटरी तथा एलपीयू (लोकल प्रोसेसिंग यूनिट) चुरा रहे हैं। एक सप्ताह में चार स्थानों पर यह चोरी हुई है। आश्चर्यजनक है कि एक सर्विलांस जंक्शन तो थाना न्यू आगरा के सामने है।
स्मार्ट सिटी के परियोजना प्रबंधक प्रफुल्ल पटेल ने दोनों थानों में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को चोरी की पहली वारदात तारघर मैदान के पास हुई। यहां से चोरों ने सर्विलांस जंक्शन में लगे ट्रांसफार्मर को चुरा लिया। इस चोरी के बाद कंपनी ने नए उपकरण लगाए और फिर उसी चोर ने 31 अगस्त को बीडी जैन कॉलेज के सामने जंक्शन बॉक्स के ताले तोड़े और छह बैटरियों को चुरा लिया। चोर वहां सीसी कैमरे में कैद हो गया। इस मुकदमा सदर थाने में दर्ज कराया गया।
इसके बाद एक अन्य चोर ने एक सितंबर को न्यूआगरा थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं को अंजाम दिया। यह चोरी सबसे हैरानी भरी है। चोर ने भगवान टाकीज चौराहे पर लगे सर्विलांस बॉक्स से दो एलपीयू (लोकल प्रोसेसिंग यूनिट) चुराए। यहां से चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर दीवानी चौराहे पर पहुंचा। यहां भी उसी रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया और यहां से भी दो एलपीयू चुरा ले गया। यहां भी चोर सीसी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसी कैमरे में कैद चोर की तलाश शुरू कर दी है। हैरानी की बात यह है कि चंद कदम की दूरी पर न्यू आगरा थाना होने के बाद भगवान टाकीज चौराहे पर बीच सड़क से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए सामानों की चोरी हो गई। यह दोनों ही चोरियों पुलिस के इकबाल को कमजोर होना साबित की रही है।
पहले थे पुलिस पर निर्भर, अब खुद करेंगे गश्त
परियोजना प्रबंधक प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि एलपीयू डाटा प्रोसेस के काम आता है। चोरी होने के बाद कंपनी ने नए उपकरण लगा दिए हैं। वहीं सुरक्षा की बात की जाए तो पहले उपकरणों की सुरक्षा के लिए पुलिस पर ही भरोसा था लेकिन अब कंपनी के लोग भी सुरक्षा देंगे। रात में कंपनी की कई टीम खुद गश्त करेंगी। वहीं अलर्ट अलार्म भी लगाए जा रहे हैं। किसी भी उपकरण को कोई हाथ लगायेगा तो तेज आवाज से अलार्म बज जाएगा।